दीपांकुर चौहान । राजस्थान समाचार प्लस
सावर (अजमेर)। मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सावर थाना पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए 09.67 ग्राम अवैध स्मैक पाउडर जब्त कर एक नाबालिग लड़की को निरुद्ध किया है।
पुलिस अधीक्षक अजमेर हर्षवर्धन अग्रवाला के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक केकड़ी राजेश कुमार मील और वृताधिकारी वृत्त केकड़ी मनोज कुमार गुप्ता के निकटतम सुपरविजन में थानाधिकारी बनवारी लाल उप निरीक्षक के नेतृत्व में इस कार्रवाई को अंजाम दिया गया।
देर रात संदिग्ध स्थिति में भागने की कोशिश
थानाधिकारी बनवारी लाल मय जाप्ता सरकारी बोलेरो से रात्रिकालीन गश्त और जरायम कंट्रोल के दौरान कस्बा सावर पहुंचे। वहां सरकारी स्कूल के सामने पंडेर रोड पर देर रात एक लड़की पैदल जाती दिखाई दी। पुलिस वाहन को देखकर उसने छिपने और भागने का प्रयास किया।
गतिविधि संदिग्ध लगने पर पुलिस टीम ने उसे रोककर पूछताछ की। पूछताछ में उसने देर रात रोड पर घूमने का कारण सही नहीं बताया और अपने पास स्मैक होना स्वीकार किया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 09.67 ग्राम अवैध मादक पदार्थ स्मैक पाउडर बरामद हुआ।
प्रकरण दर्ज, जांच जारी
पुलिस ने मादक पदार्थ जब्त कर नाबालिग को निरुद्ध कर लिया है। इस संबंध में सावर थाना में मामला (प्रकरण संख्या 163/2026) दर्ज किया गया है। पुलिस अब अवैध स्मैक की खरीद-फरोख्त से जुड़े नेटवर्क का पता लगाने के लिए गहनता से अनुसंधान कर रही है।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम:–बनवारी लाल (उनि./थानाधिकारी),नारायण सिंह (सउनि),राकेश कुमार (कांस्टेबल 2205), शिवप्रकाश (कांस्टेबल 1951), महेन्द्र कुमार (कांस्टेबल 2627), लोकेश (चालक कांस्टेबल 3184), नाजमीन बानो (महिला कांस्टेबल 2687)
