वैष्णव बैरागी महासभा का प्रतिभा सम्मान समारोह 30 अगस्त को

उत्कृष्ट उपलब्धि हासिल करने वाली प्रतिभाओं का होगा सम्मान, सामाजिक एवं पारिवारिक उत्सव के रूप में मनाया जाएगा कार्यक्रम

दीपांकुर चौहान । राजस्थान समाचार प्लस

केकड़ी। वैष्णव बैरागी महासभा विकास समिति की बैठक 17 अगस्त को लक्ष्मीनाथ मंदिर, सरसरी गेट, केकड़ी में आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता समिति अध्यक्ष गोपाललाल वैष्णव (रणजीतपुरा) ने की। बैठक में सर्वसम्मति से 30 अगस्त को प्रतिभा सम्मान समारोह एवं सामूहिक गोठ आयोजित करने का निर्णय लिया गया।

समारोह में वर्ष 2026 में उत्कृष्ट उपलब्धि हासिल करने वाली प्रतिभाओं का सम्मान किया जाएगा। इसमें कक्षा 10वीं एवं 12वीं में 80 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थी, स्नातक एवं स्नातकोत्तर में 70 प्रतिशत या उससे अधिक अंक हासिल करने वाले विद्यार्थी, सरकारी सेवा में चयनित प्रतिभाएं, नीट, जेईई एवं अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं में सफल विद्यार्थी तथा राज्य स्तरीय खिलाड़ियों को सम्मानित किया जाएगा।

समिति के अनुसार कार्यक्रम को सामाजिक एवं पारिवारिक उत्सव के रूप में आयोजित किया जाएगा। इसमें सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ नृत्य, कुर्सी दौड़, महिला एवं पुरुष रस्साकशी, गुब्बारा फोड़ प्रतियोगिता, किस्मत का खेल सहित विभिन्न मनोरंजक प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।

बैठक में संरक्षक बिरदी चंद वैष्णव, बजरंग दास साकरिया, उपाध्यक्ष नारायण कंवरपुरा, जगदीश दास वैष्णव, राम वैष्णव, परमेश्वर टीलावत, ओमप्रकाश वैष्णव, संजय वैष्णव, गणेश वैष्णव, भैरुदास वैष्णव, तेजपाल वैष्णव, सचिव कैलाश चंद वैष्णव, मयंक वैष्णव मेहरुकला, सत्यनारायण वैष्णव गंधेर, गोपीकिशन वैष्णव, कृष्ण गोपाल वैष्णव बोगला सहित समाज के अनेक गणमान्य सदस्य मौजूद रहे और कार्यक्रम को लेकर अपने सुझाव दिए।

अंत में समिति अध्यक्ष गोपाललाल वैष्णव ने सभी उपस्थित सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए समाज के सभी बंधुओं से प्रतिभा सम्मान समारोह में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने का आह्वान किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!