दीपांकुर चौहान । राजस्थान समाचार प्लस
केकड़ी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत शुक्रवार को केकड़ी में विधानसभा स्तरीय भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। विधायक शत्रुघ्न गौतम के नेतृत्व में निकली यात्रा में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक, जनप्रतिनिधि, स्कूली विद्यार्थी एवं विभिन्न सामाजिक संगठनों के कार्यकर्ता शामिल हुए।

नगर पालिका परिसर से शुरू हुई यात्रा शहर के प्रमुख बाजारों एवं मुख्य मार्गों से होते हुए वापस नगर पालिका परिसर पहुंची। यात्रा के दौरान हाथों में तिरंगा लेकर चल रहे लोगों ने देशभक्ति के नारे लगाए और पूरा शहर राष्ट्रभक्ति के रंग में रंगा नजर आया। रास्ते में जगह-जगह तिरंगा यात्रा का पुष्पवर्षा कर स्वागत किया गया।
यात्रा में पुलिस एवं प्रशासन के अधिकारी भी मौजूद रहे और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पूरी तरह मुस्तैद नजर आए। यात्रा के समापन पर विधायक शत्रुघ्न गौतम ने सभी प्रतिभागियों का आभार जताया और लोगों से अपने घरों पर तिरंगा फहराने की अपील की।
विधायक ने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान का उद्देश्य देशभक्ति की भावना को जन-जन तक पहुंचाना और राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान को नई ऊंचाइयों तक ले जाना है।
तिरंगा यात्रा में भाजपा मंडल अध्यक्ष रितेश जैन, अनिल राठी, राजेंद्र चौधरी, महेश बोयत सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।
