आजाद समाज पार्टी ने पंचायत राज व नगरीय चुनावों को लेकर संगठन विस्तार अभियान तेज किया

दीपांकुर चौहान । राजस्थान समाचार प्लस

केकड़ी , 28 जुलाई। आगामी पंचायत राज एवं नगरीय निकाय चुनावों को देखते हुए आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) ने संगठन विस्तार और चुनावी तैयारियों को गति देना शुरू कर दिया है। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अनिल धेनवाल द्वारा जारी नियुक्ति पत्र के अनुसार एडवोकेट दुर्गालाल रेगर (डी.एल. वर्मा) को अजमेर जिला अध्यक्ष नियुक्त किया गया है।
नवनियुक्त जिलाध्यक्ष एडवोकेट दुर्गालाल रेगर ने कहा कि वे पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एडवोकेट चंद्रशेखर आजाद एवं प्रदेश नेतृत्व द्वारा जताए गए विश्वास पर खरा उतरने का प्रयास करेंगे। उन्होंने बताया कि उनका लक्ष्य अजमेर जिले की सभी आठ विधानसभा क्षेत्रों में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करना, नए कार्यकर्ताओं को जोड़ना तथा पंचायत राज एवं नगरीय निकाय चुनावों के लिए सशक्त संगठनात्मक ढांचा तैयार करना है।
उन्होंने कहा कि पार्टी सामाजिक न्याय, संविधान की रक्षा तथा बहुजन समाज के अधिकारों की लड़ाई को और मजबूती से आगे बढ़ाएगी। इसके लिए प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में कार्यकर्ता सम्मेलन, संगठन विस्तार अभियान एवं जनसंपर्क कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
पार्टी कार्यकर्ताओं ने उनकी नियुक्ति का स्वागत करते हुए विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में आजाद समाज पार्टी अजमेर जिले में मजबूत संगठन खड़ा करेगी तथा आगामी पंचायत राज एवं नगरीय निकाय चुनावों में प्रभावशाली उपस्थिति दर्ज कराएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!