केकड़ी शहर पुलिस की नशे के तस्करों पर बड़ी कार्रवाई: डोडा पोस्त और अफीम के साथ तस्कर गिरफ्तार, बाइक जब्त

दीपांकुर चौहान । राजस्थान समाचार प्लस

केकड़ी (राजस्थान)।

अवैध मादक पदार्थों की रोकथाम और तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत केकड़ी शहर थाना पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने गश्त के दौरान एक बाइक सवार तस्कर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 4 किलो 623 ग्राम डोडा पोस्त और 110 ग्राम अफीम बरामद की है। साथ ही तस्करी में प्रयुक्त बाइक को भी जब्त कर लिया गया है।

बालाजी मंदिर के पास गश्त के दौरान धराया

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, अजमेर जिला पुलिस अधीक्षक हर्षवर्धन अग्रवाला (I.P.S.) के निर्देशानुसार एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक केकड़ी राजेश मील व वृत्ताधिकारी हर्षित शर्मा के निकटतम सुपरविजन में अवैध मादक पदार्थों की रोकथाम के लिए विशेष टीम का गठन किया गया था।

दिनांक 22 जुलाई 2026 को थानाप्रभारी के निर्देशानुसार पुलिस टीम सूरजपोल गेट से श्मशान घाट की तरफ गश्त कर रही थी। इसी दौरान बालाजी मंदिर के पास मोटरसाइकिल (नंबर: RJ 51 SM 3191) सवार संदिग्ध युवक को रोककर जांच की गई।

बिना लाइसेंस व परमिट परिवहन कर रहा था नशा

तलाशी लेने पर आरोपी के कब्जे से बिना किसी वैध लाइसेंस या परमिट के ले जाया जा रहा 4 किलो 623 ग्राम डोडा पोस्त और 110 ग्राम अफीम जब्त किया गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान:

 रमेश जाट (41 वर्ष) पुत्र राजेन्द्र जाट, निवासी संगारी, थाना फुलियाकलां, जिला भीलवाड़ा।

एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज, जांच शुरू

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा संख्या 235/2026 धारा 8/15B, 8/18B NDPS Act के तहत मामला दर्ज कर लिया है। मामले की अग्रिम जांच केकड़ी सदर थानाधिकारी मुकेश गौरा को सौंपी गई है।

कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम

इस सराहनीय कार्रवाई में उप निरीक्षक जगदीश प्रसाद, उप निरीक्षक रामप्रसाद, हैड कांस्टेबल कालूराम, कांस्टेबल धीरज सिंह, पुखराज, रूपनारायण, विनोद तथा साइबर सेल के हैड कांस्टेबल रामराज की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!