केकड़ी रामद्वारा में आज होगा संत श्री जग बल्लभ राम महाराज का भव्य चातुर्मास प्रवेश, बैंड-बाजों के साथ होगी पधरावणी

दीपांकर चौहान । राजस्थान समाचार प्लस

केकड़ी। रामद्वारा सेवा सत्संग समिति के तत्वावधान में आज बुधवार, 22 जुलाई को रामस्नेही संप्रदाय के पूज्य संत श्री जग बल्लभ राम महाराज का केकड़ी रामद्वारा में चातुर्मास हेतु भव्य मंगल प्रवेश होगा। संत के आगमन को लेकर रामद्वारा परिसर सहित पूरे नगर के श्रद्धालुओं में उत्साह का वातावरण है तथा समिति ने तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया है।
रामद्वारा चातुर्मास समिति के व्यवस्थापक रामगोपाल सैनी ने बताया कि रामद्वारा सेवा समिति एवं श्रद्धालु भक्तजनों की लंबे समय से चली आ रही मांग को स्वीकार करते हुए पूज्य संत श्री जग बल्लभ राम महाराज चातुर्मास के लिए केकड़ी पधार रहे हैं। उनका आगमन नगर के लिए अत्यंत सौभाग्य एवं आध्यात्मिक प्रेरणा का अवसर है।
उन्होंने बताया कि आज सायं 6 बजे सूरजपोल गेट के बाहर माली मोहल्ले में स्थित पथवारी से पहले नया कुआं चौराहे पर संतश्री का श्रद्धापूर्वक स्वागत किया जाएगा। इसके बाद बैंड-बाजों, भजन-कीर्तन एवं जयघोष के साथ भव्य पधरावणी निकाली जाएगी। शोभायात्रा विभिन्न मार्गों से होती हुई संतश्री को नवीन रामद्वारा भवन तक लेकर पहुंचेगी, जहां उनका विधिवत स्वागत एवं मंगल प्रवेश कराया जाएगा।
समिति के पदाधिकारी आनंदीराम सोमानी ने बताया कि चातुर्मास के दौरान प्रतिदिन सत्संग, भजन, प्रवचन, आध्यात्मिक चिंतन एवं धार्मिक कार्यक्रम आयोजित होंगे, जिनमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु धर्मलाभ प्राप्त करेंगे। चातुर्मास भारतीय आध्यात्मिक परंपरा का महत्वपूर्ण पर्व माना जाता है, जिसमें संत-महात्माओं के सान्निध्य से धर्म, संस्कृति एवं नैतिक मूल्यों का प्रसार होता है।
रामद्वारा सेवा सत्संग समिति ने नगर एवं आसपास के सभी श्रद्धालुओं से समय पर पहुंचकर संत श्री जग बल्लभ राम महाराज की पधरावणी में शामिल होने तथा धर्म लाभ अर्जित करने की अपील की है। समिति का विश्वास है कि संतश्री के चातुर्मास प्रवास से केकड़ी में धार्मिक एवं आध्यात्मिक वातावरण और अधिक सुदृढ़ होगा तथा बड़ी संख्या में श्रद्धालु सत्संग का लाभ प्राप्त करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!