दीपांकुर चौहान । राजस्थान समाचार प्लस
सरवाड़ / अजमेर।
सोशल मीडिया पर अवैध हथियार के साथ रील बनाकर क्षेत्र में भय व दहशत का माहौल बनाने वाले एक युवक को सरवाड़ थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक अवैध टोपीदार बंदूक के साथ गिरफ्तार किया है।
इंस्टाग्राम पर रुतबा जमाने के लिए मांगी थी बंदूक
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, अजमेर जिला पुलिस अधीक्षक हर्षवर्धन अग्रवाला (I.P.S.) के निर्देशानुसार एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक केकड़ी राजेश मील व वृत्ताधिकारी हर्षित शर्मा के निकटतम सुपरविजन में अवैध हथियारों और अपराधियों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है।
इसी अभियान के तहत 21 जुलाई 2026 को सरवाड़ थानाधिकारी रामपाल शर्मा (पुलिस निरीक्षक) के नेतृत्व में पुलिस टीम गश्त और असामाजिक तत्वों की चेकिंग कर रही थी। इस दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम चंडाली निवासी गोविन्दराम (36 वर्ष) पुत्र मंगला राम अपने पास अवैध टोपीदार बंदूक रखकर इंस्टाग्राम पर रील बनाकर अपलोड कर रहा है, जिससे इलाके में दहशत का माहौल बन रहा है।
झोंपड़ा रोड जंगलात क्षेत्र से दबिश देकर पकड़ा
सूचना की तस्दीक के बाद पुलिस टीम ने ग्राम चंडाली के झोंपड़ा रोड जंगलात क्षेत्र में दबिश देकर आरोपी गोविन्दराम को टोपीदार बंदूक के साथ धर दबोचा। पूछताछ के दौरान आरोपी हथियार से संबंधित कोई वैध लाइसेंस या परमिट प्रस्तुत नहीं कर सका।
कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपी ने बताया कि उसने अपना रुतबा जमाने और इंस्टाग्राम पर रील बनाने के उद्देश्य से यह बंदूक गांव चंडाली निवासी नौरत बागरिया से मांगकर ली थी।
आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज
पुलिस ने अवैध टोपीदार बंदूक को जब्त करते हुए आरोपी गोविन्दराम को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के विरुद्ध मुकदमा संख्या 208/2026 धारा 5/25 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम
आरोपी को पकड़ने वाली विशेष टीम में थानाधिकारी रामपाल शर्मा, सोशल मीडिया सेल प्रभारी उप निरीक्षक विजय सिंह, हैड कांस्टेबल मोहनलाल, कांस्टेबल हरिराम, जितेन्द्र, बाबूदान, रवि मीणा एवं महिला कांस्टेबल सरिता कुमारी शामिल रहे।
