दीपांकुर चौहान । राजस्थान समाचार प्लस
केकड़ी। विश्व हिंदू परिषद एवं बजरंग दल के तत्वावधान में आयोजित सात दिवसीय निःशुल्क आयुर्वेदिक चिकित्सा शिविर का भव्य समापन समारोह सोमवार सायंकाल 5 बजे से अजमेरी गेट स्थित कटारिया विश्रामशाला में उत्साह एवं गरिमामय वातावरण के बीच सम्पन्न हुआ। समारोह का शुभारंभ भगवान धन्वंतरि के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन एवं सामूहिक आरती के साथ हुआ।

समारोह में राजकीय आयुर्वेदिक महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. गिरिराज साहू, उप अधीक्षक रंजना जैन, चिकित्सक डॉ. धर्मीचंद नापित, शिविर प्रभारी डॉ. अजय फुलवरिया, विश्व हिंदू परिषद के जिला उपाध्यक्ष चांदमल जैन, जिला मंत्री गोविंद शर्मा, जिला उपाध्यक्ष हीराचंद खुटेटा तथा नगर अध्यक्ष चंद्रप्रकाश विजयवर्गीय सहित अनेक गणमान्यजन मंचासीन रहे।
विश्व हिंदू परिषद के जिला उपाध्यक्ष हीराचंद खुटेटा ने कहा कि 14 जुलाई से प्रारंभ हुआ यह शिविर मानव सेवा का उत्कृष्ट उदाहरण बनकर उभरा। सात दिनों तक बड़ी संख्या में महिला एवं पुरुष रोगियों ने अनुभवी चिकित्सकों से उपचार प्राप्त किया और स्वास्थ्य लाभ लेकर संतुष्टि के साथ अपने घर लौटे।
सात दिन में 774 मरीजों का उपचार

शिविर प्रभारी डॉ. अजय फुलवरिया ने प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए बताया कि शिविर के दौरान 448 पुरुष एवं 326 महिलाओं सहित कुल 774 रोगियों ने विभिन्न आयुर्वेदिक उपचारों का लाभ उठाया। शिविर में अभ्यंग, स्वेदन, ग्रीवा बस्ती, कटि बस्ती, जानु बस्ती, अग्निकर्म, मात्रा बस्ती, नाड़ी स्वेद सहित अनेक आयुर्वेदिक एवं पंचकर्म उपचार किए गए, जिससे अनेक मरीजों को राहत मिली।
मानव सेवा की नई पहचान बना शिविर
विश्व हिंदू परिषद के जिला मंत्री गोविंद शर्मा ने कहा कि संगठन अब तक गौसेवा, धर्म रक्षा और अन्य सामाजिक सेवा कार्यों के लिए जाना जाता रहा है, लेकिन इस आयुर्वेदिक चिकित्सा शिविर ने मानव सेवा के क्षेत्र में भी संगठन की नई पहचान स्थापित की है। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं एवं चिकित्सकों की सराहना करते हुए कहा कि सभी ने अपने अमूल्य समय और समर्पण से शिविर को ऐतिहासिक सफलता दिलाई।

चिकित्सकों एवं चिकित्सा कर्मियों का किया सम्मान
समापन समारोह में राजकीय आयुर्वेदिक महाविद्यालय एवं आयुर्वेद विभाग से जुड़े चिकित्सकों, चिकित्सा कर्मियों तथा सहयोगी स्टाफ का सम्मान किया गया। सम्मानित होने वालों में डॉ. गिरिराज साहू, डॉ. धर्मचंद नापित, डॉ. अजय फुलवरिया, डॉ. कमलेश गुर्जर, डॉ. चंपालाल सोलंकी, डॉ. अमित कुमार, डॉ. जगदीश प्रसाद, डॉ. शिवराम जाट, डॉ. लोकेश धाकड़, डॉ. लोकेश कुमार शर्मा, डॉ. दुर्गाप्रसाद रेगर, डॉ. विकास कुमार मीणा,सहायक प्रशासनिक अधिकारी मनमोहन आछेरा सहित अनेक चिकित्सक एवं चिकित्सा कर्मी शामिल रहे।
बड़ी संख्या में कार्यकर्ता रहे उपस्थित
समारोह में विश्व हिंदू परिषद के जिला सत्संग प्रमुख काशीराम विजय, जिला मीडिया प्रमुख दिनेश वैष्णव, जिला सेवा प्रमुख विनीता जोशी, जिला गोरक्षा प्रमुख राम अवतार चौधरी, पूर्व जिला उपाध्यक्ष ज्ञानदेव शर्मा, नगर अध्यक्ष चंद्रप्रकाश विजयवर्गीय, नगर मंत्री मुकेश शर्मा एडवोकेट, नगर सह मंत्री ओमप्रकाश सोनी, राजेंद्र फतेहपुरिया, बजरंग दल संयोजक अनुराग शर्मा, सह संयोजक संजय कुमावत, नगर सेवा प्रमुख मदनगोपाल चौधरी, नगर मीडिया प्रभारी महावीर वैष्णव, नगर सत्संग प्रमुख ताराचंद सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम का मंच संचालन नर्सिंग अधीक्षक मनमोहन आछेरा प्रभावशाली ढंग से किया ।
समारोह के अंत में सभी अतिथियों ने आयुर्वेद चिकित्सा पद्धति के प्रचार-प्रसार तथा ऐसे सेवा कार्यों को भविष्य में भी निरंतर आयोजित करने का संकल्प व्यक्त किया। सात दिवसीय शिविर की सफलता पर उपस्थित सभी लोगों ने आयोजकों, चिकित्सकों एवं स्वयंसेवकों का अभिनंदन किया।
