भारत विकास परिषद के स्थापना दिवस पर सेवा और संस्कारों का संगम, जल कुटीर का पुनः संचालन, गौसेवा एवं जनहित के कई कार्य संपन्न

केकड़ी। भारत विकास परिषद शाखा केकड़ी द्वारा परिषद के स्थापना दिवस के अवसर पर शुक्रवार को सेवा, संस्कार एवं सामाजिक सरोकारों से जुड़े विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। पूरे दिन चले आयोजनों में जनसेवा, गौसेवा एवं पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए कई रचनात्मक कार्य किए गए।


कार्यक्रम के अंतर्गत शहर के अजमेरी गेट स्थित पुराने राजकीय अस्पताल परिसर में स्वर्गीय शशिकला द्विवेदी की पुण्य स्मृति में उनके पति शांति वल्लभ द्विवेदी द्वारा जनसेवा के उद्देश्य से जल कुटीर का जीर्णोद्धार कर पुनः संचालन किया गया। भीषण गर्मी के मौसम में यह जल कुटीर मरीजों, उनके परिजनों एवं आमजन के लिए शीतल पेयजल उपलब्ध कराएगा, जिससे बड़ी संख्या में लोगों को राहत मिलेगी।


कार्यक्रम का शुभारंभ मां भारती एवं स्वामी विवेकानंद के चित्रों पर माल्यार्पण, तिलक एवं दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। इसके बाद मुख्य अतिथियों चंद्रप्रभा जैन, शांति वल्लभ द्विवेदी एवं होम्योपैथिक चिकित्सक डॉ. राजेश मीणा का तिलक लगाकर एवं उपरणा ओढ़ाकर सम्मान किया गया।


इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि भारत विकास परिषद अपनी स्थापना से ही “संपर्क, सहयोग, संस्कार, सेवा एवं समर्पण” के मूल मंत्र को लेकर समाजहित में निरंतर कार्य कर रही है। परिषद द्वारा समय-समय पर स्वास्थ्य, शिक्षा, पर्यावरण, संस्कार एवं सेवा के क्षेत्र में किए जा रहे कार्य समाज के लिए प्रेरणादायी हैं।
स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में सुबह बढ़ते कदम गौशाला, कादेड़ा रोड में गौसेवा कार्यक्रम आयोजित किया गया, जहां गौमाताओं को हरा चारा खिलाकर सेवा की गई। साथ ही गर्मी के मौसम में मूक पशु-पक्षियों की प्यास बुझाने के उद्देश्य से शहर के विभिन्न स्थानों पर सीमेंट की पानी की खेलियां भी रखवाई गईं, ताकि पशुओं को सहज रूप से पेयजल उपलब्ध हो सके।
कार्यक्रम में परिषद के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने समाजसेवा के कार्यों को आगे भी निरंतर जारी रखने का संकल्प लिया तथा अधिकाधिक लोगों से सेवा कार्यों में सहभागी बनने का आह्वान किया।
इस अवसर पर विकास रत्न गोपाललाल वर्मा, प्रांतीय कार्यकारणी सदस्य सर्वेश विजय, कैलाशचंद्र जैन, शाखा अध्यक्ष बहादुर सिंह, सचिव रामनिवास जैन, कोषाध्यक्ष हीरालाल, वरिष्ठ सदस्य महावीर प्रसाद पारीक, रामधन प्रजापत, निहालचंद मेडतवाल, सेवा प्रकल्प प्रमुख नंदलाल गर्ग, बृजलाल शर्मा, गोपाल सोनी, चंद्रप्रभा जैन, राधेश्याम दाधीच, जगदीशलाल विजय, चिरंजीलाल सोनी, ऋषि मेहता, मुकेश शर्मा, प्रकाश जोशी, प्रवीण नागोरिया, महावीर विजयवर्गीय सहित परिषद के अनेक सदस्य उपस्थित रहे।
स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित इन सेवा गतिविधियों ने समाज में सेवा, संवेदनशीलता एवं सामाजिक उत्तरदायित्व का प्रेरणादायी संदेश दिया।

in

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!