ट्रैक्टर और दोपहिया वाहनों के आरसी रिन्यूअल पर पेनल्टी में 100% छूट


एमनेस्टी योजना का लाभ उठाने की अपील, जुलाई मध्य के बाद चलेगा सघन चेकिंग अभियान


केकड़ी। राज्य सरकार की बजट घोषणा-2026 के तहत वाहन स्वामियों को बड़ी राहत प्रदान करते हुए कृषि ट्रैक्टर एवं दोपहिया वाहनों के पंजीयन प्रमाण पत्र (आरसी) के नवीनीकरण पर लगने वाली पेनल्टी में शत-प्रतिशत छूट दी गई है। जिला परिवहन अधिकारी (डीटीओ) केकड़ी प्रमोद लोढ़ा ने बताया कि मुख्यालय द्वारा जारी एमनेस्टी योजना के अंतर्गत यह विशेष छूट लागू की गई है।


उन्होंने बताया कि जिले में बड़ी संख्या में ऐसे वाहन हैं जिनकी आरसी की वैधता समाप्त हो चुकी है। ऐसे वाहन स्वामी बिना किसी अतिरिक्त पेनल्टी के अपने वाहनों का पंजीयन नवीनीकरण करवा सकते हैं। विभाग का अनुमान है कि इस योजना से जिले के हजारों वाहन मालिकों को सीधा लाभ मिलेगा।


समय रहते उठाएं योजना का लाभ


डीटीओ लोढ़ा ने वाहन स्वामियों से अपील करते हुए कहा कि वे किसी भी प्रकार की देरी किए बिना अपने वाहनों की आरसी का नवीनीकरण करवा लें तथा सरकार द्वारा दी जा रही शत-प्रतिशत पेनल्टी छूट का लाभ प्राप्त करें। उन्होंने कहा कि यह एमनेस्टी योजना सीमित अवधि के लिए लागू है। योजना की अवधि समाप्त होने के बाद वाहन स्वामियों को नियमानुसार पेनल्टी जमा करनी होगी और कानूनी कार्रवाई का भी सामना करना पड़ सकता है।


बिना आरसी रिन्यूअल वाले वाहनों पर होगी कार्रवाई


डीटीओ ने बताया कि आरसी समाप्त होने के बावजूद सड़कों पर संचालित वाहनों के खिलाफ धरपकड़ अभियान शुरू कर दिया गया है। जुलाई मध्य के बाद पुलिस विभाग तथा परिवहन एवं सड़क सुरक्षा विभाग द्वारा संयुक्त रूप से विशेष सघन जांच अभियान चलाया जाएगा। अभियान के दौरान बिना आरसी रिन्यूअल के वाहन चलाते पाए जाने पर संबंधित वाहन चालकों एवं मालिकों के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।


परिवहन विभाग ने सभी वाहन स्वामियों से अपील की है कि वे समय रहते अपने वाहनों का पंजीयन प्रमाण पत्र नवीनीकृत करवाकर सरकार की इस विशेष छूट योजना का अधिकतम लाभ उठाएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!