डॉक्टर्स डे पर राजकीय आयुर्वेद चिकित्सालय में चिकित्सकों का हुआ सम्मान

दीपांकुर चौहान । राजस्थान समाचार प्लस

केकड़ी। बुधवार को राजकीय आयुर्वेद चिकित्सालय केकड़ी में डॉक्टर्स डे का आयोजन गरिमामय वातावरण में किया गया। इस अवसर पर चिकित्सालय एवं आयुर्वेद महाविद्यालय के समस्त कर्मचारियों द्वारा कार्यरत सभी चिकित्साधिकारियों का माल्यार्पण कर एवं दुपट्टा पहनाकर सम्मान किया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए आयुर्वेद महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. गिरिराज साहू ने कहा कि किसी भी चिकित्सा संस्थान में चिकित्सा कार्य सर्वोत्तम जनसेवा का माध्यम है, जिसके द्वारा रोगियों को रोगमुक्त कर स्वस्थ एवं बेहतर जीवन प्रदान किया जाता है। उन्होंने कहा कि चिकित्सा सेवा केवल चिकित्सकों तक सीमित नहीं है, बल्कि नर्सिंग स्टाफ, परिचारक एवं नागरिक सुरक्षा कर्मचारी भी स्वास्थ्य व्यवस्था की महत्वपूर्ण कड़ी हैं।

डॉ. साहू ने चिकित्सकों को दिए गए सम्मान को सभी कर्मचारियों के समर्पण, मेहनत और सेवाभाव को समर्पित करते हुए सभी को कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन एवं समर्पण के साथ कार्य करने का संकल्प दिलाया।

इस अवसर पर उत्कृष्ट सेवाएं देने वाले नर्सिंग कर्मचारियों एवं नागरिक सुरक्षा कर्मचारियों का भी माल्यार्पण कर सम्मान किया गया। चिकित्सालय उपाधीक्षक डॉ. रंजना जैन एवं डॉ. धर्मचंद नापित ने आयोजन के लिए सभी कर्मचारियों का आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम में डॉ. अर्चना वर्मा, डॉ. कमलेश गुर्जर, डॉ. चम्पालाल सोलंकी, डॉ. अमित कुमार, डॉ. अजय फुलवारियाँ, डॉ. रेखा चन्द्रोदय, डॉ. प्रीति वर्मा, डॉ. अनुष्का गोयल, डॉ. दुर्गाप्रसाद रैगर, डॉ. शिवराम जाट, मनमोहन आछेरा (नर्सिंग अधीक्षक) सहित चिकित्सालय एवं महाविद्यालय के सभी नर्सिंग कर्मचारी एवं नागरिक सुरक्षा कर्मचारी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम ने चिकित्सा सेवा के प्रति सम्मान, सहयोग और टीम भावना का संदेश दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!