दीपांकुर चौहान । राजस्थान समाचार प्लस
केकड़ी। राजस्थान नगरीय आधारभूत विकास परियोजना (आरयूआईडीपी) के पांचवें चरण के तहत केकड़ी शहर में 66.23 करोड़ रुपए की लागत से विभिन्न विकास कार्य प्रस्तावित किए गए हैं। विधायक शत्रुघ्न गौतम के प्रयासों से शहर के विकास को लेकर यह महत्वपूर्ण पहल सामने आई है।
10 अगस्त को पंचायत समिति सभागार में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, मीडिया एवं अन्य स्टेकहोल्डर्स के साथ ‘आयुष्मान संवाद’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसमें केकड़ी शहर में प्रस्तावित विकास कार्यों को लेकर जानकारी साझा करने के साथ सुझाव भी लिए जाएंगे।
पांचवें चरण में केकड़ी को स्मार्ट, सुरक्षित और सस्टेनेबल शहर बनाने पर विशेष फोकस रहेगा। इसके तहत अपशिष्ट जल प्रबंधन, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, बाढ़ प्रबंधन, ड्रेनेज, शहरी यातायात सुधार, विरासत संरक्षण एवं पर्यटन तथा कमांड एंड कंट्रोल सेंटर सहित कई महत्वपूर्ण कार्य किए जाएंगे।
केकड़ी में प्रस्तावित 66.23 करोड़ रुपए के कार्यों में अपशिष्ट जल प्रबंधन एवं शोधित अपशिष्ट जल के पुनः उपयोग से जुड़े कार्य शामिल हैं। वहीं बाढ़ प्रबंधन एवं ड्रेनेज पर 1.94 करोड़ रुपए तथा विरासत संरक्षण एवं पर्यटन संबंधी कार्यों पर 2.71 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे।
84 शहरों में होगा विकास
आरयूआईडीपी के पांचवें चरण के तहत प्रदेश के 84 शहरों में करीब 9500 करोड़ रुपए की लागत से विकास कार्य प्रस्तावित हैं। इसका उद्देश्य शहरों में आधुनिक आधारभूत सुविधाओं का विस्तार करने के साथ पर्यावरण के अनुकूल एवं टिकाऊ विकास को बढ़ावा देना है।
केकड़ी में करोड़ों रुपए के इन कार्यों से जल निकासी, अपशिष्ट प्रबंधन, बाढ़ नियंत्रण, यातायात व्यवस्था और पर्यटन सुविधाओं को मजबूती मिलने की उम्मीद है। विधायक शत्रुघ्न गौतम के प्रयासों से स्वीकृत इस बड़े विकास पैकेज को केकड़ी के शहरी विकास की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।
