विशाल रक्तदान शिविर के प्रचार-प्रसार हेतु निकाली जागरूकता रैली, शहरवासियों को किया रक्तदान के लिए प्रेरित

दीपांकुर चौहान । राजस्थान समाचार प्लस केकड़ी

केकड़ी। संत निरंकारी चैरिटेबल फाउंडेशन, दिल्ली के तत्वावधान में संत निरंकारी मंडल शाखा केकड़ी द्वारा संत निरंकारी सत्संग भवन, केकड़ी में दिनांक 28 जून 2026 को विशाल रक्तदान शिविर आयोजित किया जा रहा है। इसके प्रचार-प्रसार हेतु दिनांक 27 जून 2026, शनिवार को एक विशाल जागरूकता रैली का आयोजन किया गया।

रैली में संत निरंकारी सेवा दल के भाई-बहनों एवं समस्त साध-संगत के सदस्यों ने मिलजुलकर शहर में रैली निकालते हुए रक्तदान करने का संदेश दिया। इस दौरान सतगुरु बाबा हरदेव सिंह जी महाराज के नारे “रक्त नाड़ियों में बहे, ना कि नालियों में” तथा “मानव को मानव हो प्यारा, एक दूजे का बने सहारा” के माध्यम से लोगों को रक्तदान के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही शहर एवं आसपास के गांवों के लोगों से बढ़-चढ़कर रक्तदान करने की अपील की गई।

रैली का शुभारंभ टांकावास शाखा प्रमुख महात्मा कालूराम जी द्वारा हरी झंडी दिखाकर किया गया। सेवादारों ने “रक्तदान – महादान”, “एक यूनिट रक्त, कई जिंदगियों की रक्षा” तथा “स्वस्थ व्यक्ति का सबसे बड़ा दान – रक्तदान” जैसे प्रेरणादायक नारों के साथ लोगों को नियमित रूप से रक्तदान करने के लिए जागरूक किया।

रैली नगर के प्रमुख मार्गों से होकर निकली, जहां नागरिकों को रक्तदान के महत्व, इसके स्वास्थ्य लाभ एवं आपातकालीन परिस्थितियों में रक्त की आवश्यकता के बारे में जानकारी दी गई। वक्ताओं ने कहा कि रक्तदान पूरी तरह सुरक्षित है और प्रत्येक स्वस्थ व्यक्ति समय-समय पर रक्तदान कर किसी की जान बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।

कार्यक्रम के अंत में सभी सेवादारों ने स्वैच्छिक रक्तदान के लिए अधिक से अधिक लोगों को प्रेरित करने का संकल्प लिया। आयोजकों ने सभी सहयोगियों, स्वयंसेवकों एवं नागरिकों का आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!