छात्रों की शिकायत के बाद पहुंचे एसडीएम, सूचना का अधिकार के तहत मांगी गई जानकारी उपलब्ध कराने के दिए निर्देश
राजस्थान समाचार प्लस | दीपांकुर चौहान
केकड़ी, 15 जून। राजकीय मॉडल नर्सिंग संस्थान में कथित वित्तीय अनियमितताओं की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए उपखंड अधिकारी केकड़ी सुरेश कुमार बलाई ने सोमवार को संस्थान का औचक निरीक्षण किया। यह निरीक्षण संस्थान के विद्यार्थियों द्वारा 10 जून 2026 को प्रस्तुत किए गए प्रार्थना पत्र के आधार पर किया गया, जिसमें वित्तीय अनियमितताओं की जांच की मांग की गई थी।

निरीक्षण के दौरान उपखंड अधिकारी ने संस्थान में मौजूद कार्मिकों एवं छात्र-छात्राओं से जानकारी प्राप्त की। विद्यार्थियों ने बताया कि संस्थान से संबंधित वित्तीय जानकारी प्राप्त करने के लिए उन्होंने सूचना का अधिकार (आरटीआई) अधिनियम के तहत संस्था प्रधान को आवेदन प्रस्तुत किया था, लेकिन अब तक उन्हें वांछित सूचना उपलब्ध नहीं कराई गई है।
इस पर उपखंड अधिकारी सुरेश कुमार बलाई ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि विद्यार्थियों को आरटीआई के तहत मांगी गई जानकारी नियमानुसार शीघ्र उपलब्ध कराई जाए, ताकि पारदर्शिता बनी रहे और छात्रों की शंकाओं का समाधान हो सके।
निरीक्षण के दौरान एक कार्मिक अनुपस्थित पाया गया। इस संबंध में जानकारी लेने पर पता चला कि संबंधित कार्मिक की ड्यूटी अन्यत्र राजकीय कार्य में लगी हुई थी। उपखंड अधिकारी ने संस्थान की व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया तथा आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए।
उपखंड अधिकारी के इस औचक निरीक्षण को छात्रों की शिकायतों के प्रति प्रशासन की गंभीरता और जवाबदेही सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
