दीपांकुर चौहान | राजस्थान समाचार प्लस
केकड़ी। राजकीय मॉडल नर्सिंग कॉलेज, केकड़ी में वित्तीय अनियमितताओं के मामले में प्रशासनिक कार्रवाई करते हुए कॉलेज प्रभारी सुरेंद्र बडोला को पद से हटा दिया गया है। इस संबंध में जिला चिकित्सालय केकड़ी के प्रमुख चिकित्सा अधिकारी (PMO) डॉ. राजेंद्र मौर्य द्वारा आदेश जारी किए गए हैं।
जारी कार्यालय आदेश के अनुसार प्रशासनिक कारणों से राजकीय जिला चिकित्सालय केकड़ी में कार्यरत नर्सिंग अधिकारी कन्हैया लाल टेलर को आगामी आदेशों तक राजकीय मॉडल नर्सिंग संस्थान, केकड़ी का शैक्षणिक एवं प्रशासनिक प्रभारी नियुक्त किया गया है। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है।
सूत्रों के अनुसार कॉलेज में वित्तीय अनियमितताओं को लेकर चल रही चर्चाओं के बीच यह कार्रवाई की गई है। आदेश जारी होने के साथ ही पूर्व प्रभारी सुरेंद्र बडोला की जगह कन्हैया लाल टेलर ने जिम्मेदारी संभाल ली है।
PMO डॉ. राजेंद्र मौर्य द्वारा जारी आदेश की प्रतिलिपि चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग जयपुर, राजस्थान स्वास्थ्य विज्ञान विश्वविद्यालय जयपुर, राजस्थान नर्सिंग काउंसिल जयपुर तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई एवं सूचनार्थ भेजी गई है।
इस प्रशासनिक बदलाव को नर्सिंग कॉलेज की व्यवस्थाओं में सुधार और जवाबदेही सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
