दीपांकुर चौहान | राजस्थान समाचार प्लस
अजमेर/सरवाड़। जिले में अवैध खनन एवं बजरी के अवैध भंडारण के खिलाफ खनिज विभाग ने देर रात बड़ी कार्रवाई करते हुए 100 टन अवैध बजरी का स्टॉक जब्त किया है। यह कार्रवाई अधीक्षण खनिज अभियंता जे.के. गुरुबक्षाणी के निर्देशन तथा सहायक खनि अभियंता मनोज कुमार तंवर के मार्गदर्शन में की गई।
जानकारी के अनुसार 10 जून 2026 की रात करीब 11 बजे खान कार्यदेशक श्रवण सिंह एवं सर्वेयर महेन्द्र कुमावत ने होमगार्ड जाब्ते के साथ ग्राम हिंगोनिया, तहसील सरवाड़ में कार्रवाई की। टीम ने राजकीय भूमि पर अवैध रूप से जमा की गई लगभग 100 टन बजरी को जब्त किया।
प्राथमिक जांच में सामने आया कि अवैध बजरी स्टॉक दिलखुश रैगर निवासी सरवाड़ द्वारा राजकीय भूमि पर किया गया था। विभागीय टीम की कार्रवाई के दौरान अवैध भंडारणकर्ता मौके से फरार हो गए। जब्त बजरी को खनन पट्टाधारक की सहायता से टीपी प्वाइंट मानपुरा पर सुरक्षित रखवाया गया है, जिसकी आगामी प्रक्रिया के तहत नीलामी की जाएगी।
खनिज विभाग के अधिकारियों ने बताया कि अवैध भंडारणकर्ताओं की पहचान कर उनके विरुद्ध पृथक से नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी। विभाग ने स्पष्ट किया कि जिले में अवैध खनन और खनिजों के अवैध परिवहन एवं भंडारण के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।
