दीपांकुर चौहान | राजस्थान समाचार प्लस, केकड़ी
केकड़ी। नगर पालिका केकड़ी द्वारा स्वायत्त शासन विभाग जयपुर के निर्देशानुसार प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के तहत स्ट्रीट वेंडर्स एवं असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों को लाभान्वित करने के उद्देश्य से लोक कल्याण मेला, स्वनिधि महोत्सव एवं स्वनिधि कैंप का आयोजन किया जा रहा है। यह शिविर 8 जून से 30 जून 2026 तक नगर पालिका परिसर में विभिन्न चरणों में आयोजित होगा।
नगर पालिका प्रशासन ने बताया कि प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना छोटे व्यापारियों के लिए एक महत्वपूर्ण योजना है, जिसके माध्यम से ठेला चालकों, फेरीवालों, भवन निर्माण श्रमिकों, दस्तकारों, ट्रांसपोर्ट वर्करों सहित अन्य स्ट्रीट वेंडर्स को स्वरोजगार के लिए ऋण उपलब्ध कराया जाता है।
योजना के तहत पात्र लाभार्थियों को प्रथम चरण में 15 हजार रुपये, द्वितीय चरण में 25 हजार रुपये तथा तृतीय चरण में 50 हजार रुपये तक का ऋण प्रदान किया जाएगा। शिविर में ऋण आवेदन के साथ-साथ केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी एवं लाभ भी उपलब्ध कराया जाएगा।
नगर पालिका ने सभी पात्र स्ट्रीट वेंडर्स से अपील की है कि वे आधार कार्ड, बैंक पासबुक/डायरी एवं अन्य आवश्यक दस्तावेज साथ लेकर शिविर में पहुंचें और योजना का लाभ उठाएं।
शिविर का समय
प्रातः 11:00 बजे से सायं 5:00 बजे तक
शिविर तिथियां
08 जून से 12 जून 2026
15 जून से 16 जून 2026
18 जून से 19 जून 2026
22 जून से 25 जून 2026
29 जून से 30 जून 2026
सभी शिविर नगर पालिका केकड़ी परिसर में आयोजित किए जाएंगे। नगर पालिका प्रशासन ने अधिक से अधिक पात्र लाभार्थियों से शिविर में पहुंचकर योजनाओं का लाभ लेने का आह्वान किया है।
