दीपांकुर चौहान | राजस्थान समाचार प्लस, केकड़ी
केकड़ी। क्षेत्र के मंदिरों की डोली भूमि पर कथित अवैध कब्जों और पुजारी परिवारों के साथ मारपीट की घटनाओं को लेकर वैष्णव समाज में भारी रोष व्याप्त है। सोमवार को समाज के प्रतिनिधियों ने अतिरिक्त जिला कलक्टर को ज्ञापन सौंपकर मंदिरों की भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने, दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने तथा पुजारी परिवारों को सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की।
भू-माफियाओं पर अवैध कब्जों के आरोप
ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि क्षेत्र के कई मंदिरों की डोली भूमि पर भू-माफियाओं और प्रभावशाली लोगों द्वारा अवैध कब्जे किए गए हैं। विरोध करने पर पुजारियों और उनके परिवारों, यहां तक कि महिलाओं के साथ भी अभद्रता और मारपीट की घटनाएं हो रही हैं, जिससे समाज में आक्रोश बढ़ता जा रहा है।
सापणदा के गोपालजी मंदिर का मामला प्रमुखता से उठाया
वैष्णव समाज ने विशेष रूप से ग्राम सापणदा स्थित गोपालजी महाराज मंदिर की डोली भूमि का मुद्दा उठाया। ज्ञापन के अनुसार मंदिर की भूमि के विभिन्न खसरों पर अवैध अतिक्रमण किया गया है। हाल ही में 2 जून को पुजारी परिवार एवं महिलाओं के साथ मारपीट की घटना हुई, जिसकी रिपोर्ट सरवाड़ थाने में दर्ज करवाई गई है। समाज का आरोप है कि कुछ दबंग लोग लगातार पुजारी परिवार को धमका रहे हैं और प्रताड़ित कर रहे हैं।
लक्ष्मीनाथ मंदिर सहित कई स्थानों पर अतिक्रमण
ज्ञापन में केकड़ी स्थित लक्ष्मीनाथ मंदिर की डोली भूमि का भी उल्लेख किया गया, जहां पिछले लगभग 30 वर्षों से अतिक्रमण होने का आरोप लगाया गया है। समाज का कहना है कि क्षेत्र के कई अन्य गांवों में भी मंदिरों की भूमि पर अवैध कब्जे हैं और अतिक्रमण हटाने की मांग करने पर पुजारियों को जान से मारने तक की धमकियां दी जाती हैं।
मंदिर भूमि का सर्वे और विशेष अभियान चलाने की मांग
वैष्णव समाज ने प्रशासन से मांग की है कि केकड़ी क्षेत्र की सभी मंदिर भूमियों का सर्वे करवाकर अतिक्रमणों की पहचान की जाए तथा विशेष अभियान चलाकर उन्हें हटाया जाए। साथ ही अतिक्रमणकारियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई करते हुए पीड़ित पुजारी परिवारों को सुरक्षा प्रदान की जाए।
कार्रवाई नहीं हुई तो होगा आंदोलन
समाज के प्रतिनिधियों ने चेतावनी दी कि यदि प्रशासन ने शीघ्र कार्रवाई नहीं की तो वैष्णव समाज के पुजारी परिवार धरना-प्रदर्शन और आंदोलन का रास्ता अपनाने के लिए बाध्य होंगे।
इन समाजजनों ने किया ज्ञापन पर हस्ताक्षर
ज्ञापन पर सीताराम वैष्णव, बजरंग लाल वैष्णव, गोपाल लाल वैष्णव, मांगीलाल वैष्णव, रामगोपाल वैष्णव, कैलाश वैष्णव, रामजीलाल वैष्णव, हनुमान वैष्णव, प्रभुदयाल वैष्णव, दिनेश कुमार वैष्णव, मनोज कुमार वैष्णव एवं महावीर प्रसाद वैष्णव सहित कई समाजजनों के हस्ताक्षर रहे। समाज बंधुओं ने मंदिरों की डोली भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने और पुजारी परिवारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग दोहराई।
