ब्राह्मण महासभा की बैठक में युवा संगठन अध्यक्ष चयन पर बनी सहमति



दीपांकुर चौहान | राजस्थान समाचार प्लस, केकड़ी


केकड़ी। राजस्थान ब्राह्मण महासभा खंड केकड़ी की महत्वपूर्ण बैठक गुरुवार को एम.एल.डी. स्कूल परिसर में खंड अध्यक्ष हरिप्रसाद दाधीच की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में संगठनात्मक गतिविधियों, युवा संगठन के गठन तथा आगामी विप्र महाकुंभ को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।


बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि राजस्थान ब्राह्मण महासभा युवा संगठन के अध्यक्ष पद के लिए सभी ब्राह्मण समाजों के युवा संगठनों के बीच आपसी समन्वय एवं सहमति से एक नाम का चयन किया जाएगा।


साथ ही 17 जून 2026 को विजयनगर में यज्ञ सम्राट स्वामी प्रखर जी महाराज के सानिध्य में आयोजित होने वाले विप्र महाकुंभ एवं यज्ञोपवीत संस्कार कार्यक्रम को सफल बनाने तथा अधिकाधिक सहभागिता सुनिश्चित करने पर चर्चा की गई। कार्यक्रम में समाज बंधुओं की भागीदारी बढ़ाने के लिए विभिन्न समाजों के अध्यक्षों को जिम्मेदारी सौंपी गई।


बैठक को संबोधित करते हुए विभिन्न वक्ताओं ने समाज की एकता, संगठन सुदृढ़ीकरण तथा युवाओं की सक्रिय भूमिका पर जोर दिया। वक्ताओं ने आगामी कार्यक्रमों को सफल बनाने के लिए समाज के सभी वर्गों से सहयोग एवं सहभागिता का आह्वान किया।


बैठक में यह भी जानकारी दी गई कि विजयनगर में आयोजित विप्र महाकुंभ में शामिल होने वाले समाज बंधुओं के लिए निःशुल्क बसों की व्यवस्था उपलब्ध रहेगी।


बैठक में महासभा के पदाधिकारी, विभिन्न ब्राह्मण समाजों के प्रतिनिधि एवं गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!