केकड़ी। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर शुक्रवार को पंचायत समिति केकड़ी क्षेत्र की समस्त ग्राम पंचायतों में “स्वच्छ गांव-सुरक्षित जलवायु” अभियान के तहत विशेष ग्राम सभाओं का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम पेयजल एवं स्वच्छता विभाग, जल शक्ति मंत्रालय भारत सरकार तथा पंचायती राज विभाग राजस्थान सरकार के निर्देशानुसार आयोजित किया गया।

ब्लॉक स्तरीय कार्यक्रम ग्राम पंचायत मोलकिया एवं कालेड़ा कृष्ण गोपाल में आयोजित हुए। ग्राम पंचायत मोलकिया में आयोजित विशेष ग्राम सभा में अतिरिक्त जिला कलेक्टर केकड़ी चंद्रशेखर भंडारी एवं विकास अधिकारी श्रीमती दिशी शर्मा ने भाग लिया। इस दौरान ग्रामीणों को ठोस अपशिष्ट प्रबंधन (एसडब्ल्यूएम) नियम-2026 की जानकारी देते हुए स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया।

वहीं ग्राम पंचायत कालेड़ा कृष्ण गोपाल में आयोजित कार्यक्रम में उपखंड अधिकारी सुरेश कुमार बलाई, विकास अधिकारी श्रीमती दिशी शर्मा, प्रशासक श्रीमती हंस कंवर राठौड़, अतिरिक्त विकास अधिकारी रमेश गुर्जर, ब्लॉक समन्वयक राजकुमार कीर एवं स्वच्छ भारत मिशन ब्लॉक केकड़ी के अधिकारियों ने भाग लिया। अधिकारियों ने ग्रामीणों को ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन से संबंधित नियमों, व्यवस्थाओं तथा माननीय न्यायालय द्वारा जारी दिशा-निर्देशों की विस्तृत जानकारी प्रदान की।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं ग्रामीणों को स्वच्छता की शपथ दिलाई गई तथा गांवों को स्वच्छ, सुंदर एवं पर्यावरण अनुकूल बनाने का संकल्प लिया गया। ग्राम पंचायत स्तर पर सफाई व्यवस्था, कचरा संग्रहण एवं अपशिष्ट निस्तारण की व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
विकास अधिकारी श्रीमती दिशी शर्मा ने ग्राम पंचायत प्रशासन एवं संवेदकों को मौके पर ही आवश्यक सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश जारी किए। उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल एक अभियान नहीं, बल्कि जनभागीदारी से जुड़ा सतत प्रयास है, जिसके माध्यम से गांवों को स्वच्छ एवं स्वस्थ बनाया जा सकता है।
अधिकारियों ने ग्रामीणों से पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण एवं स्वच्छता गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
