सरवाड़। ग्राम सापुंडा स्थित श्री गोपाल जी महाराज मंदिर की भूमि पर कथित अतिक्रमण, रास्ते के विवाद तथा महिलाओं के साथ अभद्र व्यवहार के मामले को लेकर शुक्रवार को वैष्णव (साधु) समाज ने उपखंड अधिकारी (एसडीएम) को ज्ञापन सौंपकर न्याय की मांग की।
वैष्णव बैरागी विकास समिति के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में बताया गया कि ग्राम सापुंडा के खसरा नंबर 376, 377, 379, 380, 381, 382 एवं 383 राजस्व अभिलेखों में मंदिर श्री गोपाल जी महाराज स्थान देह के नाम दर्ज हैं। समाज का कहना है कि वर्षों से वैष्णव समाज के लोग उक्त भूमि पर खेती कर अपने परिवार का पालन-पोषण करने के साथ-साथ मंदिर की नियमित सेवा-पूजा भी करते आ रहे हैं।

ज्ञापन के अनुसार 2 जून को कुछ पड़ोसी खातेदारों एवं उनके परिजनों द्वारा मंदिर भूमि पर पहुंचकर वहां मौजूद महिलाओं के साथ कथित रूप से अभद्र व्यवहार, मारपीट और दुर्व्यवहार किया गया। इस संबंध में पुलिस थाना सरवाड़ में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है, लेकिन अब तक प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से समाज में रोष व्याप्त है।
समाज ने आरोप लगाया कि मंदिर भूमि से पूर्व में छोड़े गए रास्ते पर धीरे-धीरे अतिक्रमण कर लिया गया है तथा अब मंदिर की भूमि से जबरन रास्ता निकालने का प्रयास किया जा रहा है। ज्ञापन में प्रशासन से रास्ते का सीमांकन करवाने, अतिक्रमण हटाने तथा मंदिर की भूमि की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की गई।
वैष्णव समाज के प्रतिनिधियों ने महिलाओं के साथ कथित दुर्व्यवहार करने वाले आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी, निष्पक्ष जांच और मंदिर के पुजारी परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग करते हुए दोषियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
समाजजनों ने चेतावनी दी कि यदि मामले में शीघ्र एवं निष्पक्ष कार्रवाई नहीं की गई तो व्यापक स्तर पर आंदोलन किया जाएगा, जिसकी समस्त जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
