जनसुनवाई के दौरान स्वच्छता व्यवस्थाओं का किया निरीक्षण, तीन दिन में संपूर्ण सफाई सुनिश्चित करने के दिए निर्देश
दीपांकुर चौहान | राजस्थान समाचार प्लस, केकड़ी
केकड़ी। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर चलाए जा रहे “स्वच्छ गांव–सुरक्षित जलवायु” अभियान के तहत विकास अधिकारी श्रीमती दिशी शर्मा ने गुरुवार को ग्राम पंचायत कादेड़ा में जनसुनवाई एवं स्वच्छता व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान पंचायत क्षेत्र में पाई गई अनियमितताओं और लापरवाही पर उन्होंने कड़ा रुख अपनाते हुए संबंधित अधिकारियों एवं कार्मिकों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए।
विकास अधिकारी प्रभारी अधिकारी के रूप में ग्राम पंचायत स्तरीय जनसुनवाई में उपस्थित रहीं तथा जन अभियोगों की सुनवाई के साथ-साथ स्वच्छता एवं विकास कार्यों की जमीनी स्थिति का भी जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान ग्राम पंचायत क्षेत्र में अपेक्षित स्तर की दृश्यमान स्वच्छता नहीं पाई गई। नियमित सड़क सफाई, नालों एवं नालियों की सफाई तथा सामुदायिक परिसंपत्तियों के रखरखाव में गंभीर लापरवाही सामने आई।
निरीक्षण के दौरान यह भी पाया गया कि राज्य सरकार द्वारा निर्धारित चार अनिवार्य प्रपत्रों (रजिस्टरों) का संधारण नहीं किया जा रहा है। इस पर विकास अधिकारी ने तत्काल संज्ञान लेते हुए संबंधित ग्राम विकास अधिकारी, ग्राम पंचायत प्रशासक एवं संवेदक को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
जांच के लिए कमेटी गठित
मामले की गंभीरता को देखते हुए विकास अधिकारी ने ग्राम पंचायत की कार्यप्रणाली एवं व्यवस्थाओं की जांच के लिए एक समिति का गठन भी किया। समिति को निर्धारित समय में रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।
तीन दिन में दिखाई दे स्वच्छता, दिए सख्त निर्देश
विकास अधिकारी श्रीमती दिशी शर्मा ने संबंधित अधिकारियों एवं कार्मिकों को निर्देश दिए कि आगामी तीन दिनों के भीतर ग्राम पंचायत क्षेत्र में व्यापक सफाई अभियान चलाकर संपूर्ण क्षेत्र में दृश्यमान स्वच्छता सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि स्वच्छता अभियान केवल कागजों तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि इसका प्रभाव गांव की सड़कों, सार्वजनिक स्थलों और सामुदायिक परिसंपत्तियों पर स्पष्ट रूप से दिखाई देना चाहिए।
निरीक्षण के दौरान विकास अधिकारी का सख्त और जवाबदेह प्रशासनिक रवैया देखने को मिला। उन्होंने स्पष्ट किया कि स्वच्छता एवं जनहित से जुड़े कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
