जूनिया जनसुनवाई में 11 परिवादों की सुनवाई, एसडीएम ने दिए त्वरित निस्तारण के निर्देश

दीपांकुर चौहान | राजस्थान समाचार प्लस, केकड़ी

केकड़ी। उपखंड अधिकारी केकड़ी ने गुरुवार को जिला कलक्टर अजमेर के निर्देशानुसार ग्राम पंचायत जूनिया में जनसुनवाई का आयोजन कर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। जनसुनवाई में विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 11 परिवाद प्राप्त हुए, जिनके शीघ्र निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।

प्राप्त परिवादों में एक राजस्व विभाग, दो पंचायतीराज विभाग, चार जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग, एक विद्युत विभाग, एक शिक्षा विभाग तथा दो अन्य विभागों से संबंधित थे। उपखंड अधिकारी ने जनसुनवाई के दौरान ही संबंधित अधिकारियों से दूरभाष पर संपर्क कर परिवादों का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

जनसुनवाई के पश्चात उपखंड अधिकारी ने अन्नपूर्णा रसोई जूनिया का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान रसोई में उपलब्ध व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं, लेकिन रसोई के बाहर सूचना बोर्ड नहीं मिलने पर मौके पर मौजूद कार्मिकों को तत्काल सूचना बोर्ड लगवाने के निर्देश दिए गए।

इस दौरान ग्राम जूनिया में गैस सिलेंडर वितरण को लेकर ग्रामीणों को हो रही परेशानी की सूचना मिलने पर उपखंड अधिकारी गैस वितरण स्थल पहुंचे और ग्रामीणों से संवाद कर समस्याओं की जानकारी ली। ग्रामीणों ने बताया कि गैस सिलेंडर प्राप्त करने के लिए आवश्यक ओटीपी प्राप्त करने में दिक्कत आ रही है। इस पर उपखंड अधिकारी ने मौके पर मौजूद कार्मिकों को तत्काल समस्या का समाधान कर आमजन को राहत पहुंचाने के निर्देश दिए।

साथ ही उन्होंने गैस एजेंसी को गांवों में नियमित रूप से गैस सिलेंडर वितरण के लिए रूट चार्ट तैयार करने तथा सप्ताह में एक-दो दिन निर्धारित कर गांवों में ही गैस आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि ग्रामीणों को गर्मी और बरसात के मौसम में लंबी कतारों में खड़ा नहीं होना पड़े।

उपखंड अधिकारी ने इसी दिन पशु चिकित्सा उपकेंद्र सरसड़ी एवं पटवार मंडल सरसड़ी का भी निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित कार्मिकों को कार्यालय समय में नियमित रूप से उपस्थित रहने तथा प्राप्त परिवादों का प्राथमिकता से निस्तारण करने के निर्देश दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!