ग्राम पंचायत मेवादाकला में विकास अधिकारी दिशी शर्मा एक्शन मोड में
विकास कार्यों में लापरवाही पर जताई नाराजगी, निलंबन प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश
मेवादाकला, 11 मई।
ग्राम पंचायत मेवादाकला में सोमवार को विकास अधिकारी श्रीमती दिशी शर्मा ने अपनी तकनीकी टीम के साथ विभिन्न विकास कार्यों एवं साफ-सफाई व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुना तथा मौके पर ही संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान ग्राम पंचायत क्षेत्र में साफ-सफाई व्यवस्था संतोषजनक नहीं पाई गई, जिस पर विकास अधिकारी ने नाराजगी जताते हुए व्यवस्थाओं में तत्काल सुधार के निर्देश दिए।
वहीं मनरेगा योजना अंतर्गत करवाए जा रहे “ओमप्रकाश रेगर के मकान से रामरोष के बाड़े तक नाला निर्माण कार्य” में गंभीर अनियमितता एवं लापरवाही सामने आई। विकास अधिकारी ने पाया कि स्वीकृति मिलने के चार माह बाद भी कार्य बंद पड़ा है तथा निर्माण कार्य में देरी, गुणवत्ता में कमी और साफ-सफाई का उचित प्रबंधन नहीं किया गया है।
मामले को गंभीर लापरवाही मानते हुए विकास अधिकारी दिशी शर्मा ने ग्राम पंचायत प्रशासक शंकर लाल बलाई एवं कनिष्ठ सहायक पदम कुमार के विरुद्ध कार्रवाई प्रस्तावित करते हुए निलंबन प्रक्रिया प्रारंभ करने के निर्देश दिए।
इस दौरान विकास अधिकारी ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि विकास कार्यों में गुणवत्ता एवं पारदर्शिता से किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। साथ ही ग्रामीणों को आश्वस्त किया गया कि उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा।
“विकास कार्यों में लापरवाही किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।” — दिशी शर्मा
