सावर सत्ताइसा की राजनीति में उबाल, पूर्व पालिकाध्यक्ष ने 18 मई से जयपुर पदयात्रा का किया ऐलान

सावर(अजमेर)@सावर सत्ताइसा क्षेत्र की राजनीति इन दिनों आरोप-प्रत्यारोप का अखाड़ा बनती जा रही है। शनिवार को सावर नगरपालिका के निवर्तमान चेयरमैन विश्वजीत सिंह शक्तावत ने अपने फेसबुक अकाउंट पर एक वीडियो जारी कर क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं, प्रशासनिक अव्यवस्थाओं एवं केकड़ी को पुनः जिला बनाने की मांग को लेकर 18 मई से सावर से मुख्यमंत्री आवास जयपुर तक पैदल यात्रा निकालने की घोषणा की।
शक्तावत ने वीडियो संदेश में आरोप लगाते हुए कहा कि पिछले कुछ दिनों से वे क्षेत्र की समस्याओं को लेकर लगातार आवाज उठा रहे हैं, जिसके बाद स्थानीय प्रशासन एवं पुलिस उन पर अनैतिक दबाव बना रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि शुक्रवार को सावर तहसील में स्थानीय मुद्दों को लेकर दिए गए ज्ञापन के दौरान पुलिस और प्रशासन द्वारा उन्हें तथा ज्ञापन में शामिल लोगों को प्रताड़ित किया गया।
उन्होंने कहा कि यह लोकतंत्र एवं संविधान की भावना के विरुद्ध है तथा जनता की आवाज दबाने का प्रयास किया जा रहा है। शक्तावत ने यह भी आरोप लगाया कि उनके परिजनों के प्रतिष्ठानों पर बिना कारण कार्रवाई एवं छापेमारी कर राजनीतिक दबाव बनाया जा रहा है।
पूर्व पालिकाध्यक्ष ने क्षेत्र के कुछ हिस्ट्रीशीटरों पर सोशल मीडिया पोस्ट एवं फोन कॉल के माध्यम से लोगों को धमकाने का आरोप भी लगाया। उन्होंने कहा कि इससे क्षेत्र में भय का माहौल बन रहा है और ऐसा प्रतीत होता है कि प्रशासन राजनीतिक दबाव में कार्य कर रहा है।
उन्होंने आरोप लगाया कि ज्ञापन कार्यक्रम में शामिल मीणा समाज के नयागांव के बुजुर्ग लोगों को कथित रूप से बस से उतारकर तेज धूप में पैदल चलने के लिए मजबूर किया गया, जिसे उन्होंने अमानवीय बताया।
शक्तावत ने कहा कि केकड़ी को जिला बनाने की मांग, प्रशासनिक अव्यवस्थाएं, सरवाड़ बाईपास मुआवजा प्रकरण, कन्वर्जन एवं मेपिंग कार्यों में कथित अनियमितताओं सहित कई मामलों को मुख्यमंत्री के समक्ष रखने के लिए वे 18 मई को क्षेत्रवासियों के साथ शांतिपूर्ण पदयात्रा के रूप में जयपुर के लिए रवाना होंगे। उन्होंने क्षेत्रवासियों से अधिकाधिक जनसहयोग की अपील भी की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!