केकड़ी को मिली डिजिटल सौगात: फ्री वाई-फाई सेवा शुरू, करोड़ों के विकास कार्यों का लोकार्पण व शिलान्यास

दीपांकुर चौहान केकड़ी, 10 अप्रैल। स्वायत्त शासन मंत्री झाबर सिंह खर्रा ने शुक्रवार को केकड़ी नगर पालिका परिसर में आयोजित कार्यक्रम में करोड़ों रुपये के विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इस अवसर पर केकड़ी को राजस्थान का पहला फ्री वाई-फाई जोन घोषित करते हुए शहरवासियों को 24 घंटे निःशुल्क इंटरनेट सुविधा की सौगात दी गई।

डिजिटल युग की ओर बढ़ता केकड़ी

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नगरीय विकास एवं स्वायत्त शासन विभाग के राज्यमंत्री झाबर सिंह खर्रा ने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राज्य सरकार विकसित राजस्थान के संकल्प के साथ निरंतर आगे बढ़ रही है। सरकार की प्राथमिकता योजनाओं का लाभ अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि आज का दौर डिजिटल क्रांति का है और आने वाला समय आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का होगा। ऐसे में केकड़ी को फ्री वाई-फाई जोन बनाना भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए उठाया गया दूरदर्शी कदम है। इससे विद्यार्थियों, युवाओं, व्यापारियों और आमजन को नई संभावनाओं से जुड़ने का अवसर मिलेगा।

केकड़ी बनेगा मॉडल शहर

मंत्री झाबर सिंह खर्रा ने कहा कि राज्य सरकार विकास कार्यों में किसी प्रकार की कमी नहीं आने देगी और केकड़ी के सर्वांगीण विकास के लिए संसाधनों की कोई कमी नहीं रहने दी जाएगी। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में केकड़ी डिजिटल और आधारभूत सुविधाओं के मामले में एक मॉडल शहर के रूप में पहचान बनाएगा।

विधायक शत्रुघ्न गौतम ने बताया ऐतिहासिक कदम

केकड़ी विधायक शत्रुघ्न गौतम ने कहा कि केकड़ी को स्मार्ट सिटी की तर्ज पर विकसित करने की दिशा में यह ऐतिहासिक पहल है। फ्री वाई-फाई सुविधा से आमजन को सीधा लाभ मिलेगा और शहर में डिजिटल कनेक्टिविटी मजबूत होगी। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने केकड़ी क्षेत्र के लिए 1254 करोड़ रुपये की फोरलेन सड़क की सौगात भी दी है। इस योजना की स्वीकृति के लिए उन्होंने करीब 240 दिन तक जयपुर और दिल्ली के चक्कर लगाए।

बस स्टैंड निर्माण की रखी मांग

विधायक शत्रुघ्न गौतम ने नगरीय विकास मंत्री से केकड़ी और सरवाड़ में आधुनिक बस स्टैंड निर्माण की मांग भी रखी। उन्होंने कहा कि दोनों स्थानों पर पर्याप्त भूमि उपलब्ध है और पीपीपी मोड पर अत्याधुनिक बस स्टैंड बनाए जाने चाहिए। साथ ही उन्होंने मंत्री से केकड़ी को अपनी ही विधानसभा मानते हुए क्षेत्र के विकास कार्यों को प्राथमिकता देने का आग्रह किया।

इन विकास कार्यों का हुआ लोकार्पण एवं शिलान्यास

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री जन आवास योजना सहित विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया गया। इनमें अप्रोच रोड एवं सीसी सड़क निर्माण, अजमेर रोड पर श्रीराम स्वागत द्वार, वार्ड संख्या 38 में नाली एवं सीसी सड़क निर्माण, नगर परिषद भूमि पर प्रस्तावित बस डिपो की चारदीवारी, बघेरा रोड स्थित कॉलोनी में सीसी सड़क निर्माण तथा कादेड़ा रोड से एफएसटीपी प्लांट तक अप्रोच रोड निर्माण जैसे महत्वपूर्ण कार्य शामिल हैं।

8 स्थानों पर लगाए गए वाई-फाई प्वाइंट

करीब 3 करोड़ रुपये की लागत से विकसित इस फ्री वाई-फाई परियोजना के तहत शहर के प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर वाई-फाई राउटर लगाए गए हैं। इनमें राजकीय जिला चिकित्सालय, नगर पालिका परिसर, बस स्टैंड, पंचायत समिति, घंटाघर क्षेत्र, तेलियान मंदिर, खाटू श्याम मंदिर और कोर्ट परिसर शामिल हैं।

इस सुविधा के माध्यम से एक समय में लगभग 5 हजार से अधिक लोग इंटरनेट से जुड़ सकेंगे और नागरिकों को करीब 5 एमबीपीएस की निःशुल्क इंटरनेट सेवा उपलब्ध होगी। इंटरनेट सुविधा हर मौसम में उपलब्ध रहेगी तथा तीन वर्ष तक संबंधित कंपनी इसका रखरखाव करेगी।

जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद

कार्यक्रम में विधायक शत्रुघ्न गौतम, एडीएम चंद्रशेखर भंडारी, कार्यवाहक अधिशासी अधिकारी इरशाद शर्मा सहित कई जनप्रतिनिधि व अधिकारी मौजूद रहे। इसके अलावा सत्यनारायण चौधरी, रामदेव माली, भाजपा शहर मंडल अध्यक्ष रितेश जैन, राजेंद्र चौधरी, पूर्व विधायक गोपाल धोबी, रामकिशन गुर्जर, मनोज कुमावत, अंबिका चौधरी सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!