मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम जन्मोत्सव: सामाजिक समरसता और कुटुंब प्रबोधन का सशक्त संदेश

केकड़ी, 27 मार्च 2026। विश्व हिंदू परिषद एवं बजरंग दल, नगर केकड़ी के संयुक्त तत्वावधान में मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम के जन्मोत्सव का भव्य एवं प्रेरणादायी आयोजन शहर के सूरजपाल गेट के बाहर स्थित वाल्मीकि (हरिजन) बस्ती, सामुदायिक भवन (बस्ती क्रमांक-4) में श्रद्धा, उत्साह और सामाजिक समरसता के भाव के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु, कार्यकर्ता, मातृशक्ति एवं गणमान्य नागरिकों की गरिमामयी उपस्थिति रही।
कार्यक्रम का शुभारंभ परिषद की परंपरा अनुसार ओमकार मंत्र, एकात्मता मंत्र एवं विजय महामंत्र के सामूहिक उच्चारण के साथ हुआ। “जय श्रीराम” के उद्घोष से पूरा वातावरण भक्तिमय और ऊर्जावान हो उठा।


मुख्य वक्ता काशीराम विजय ने भगवान श्रीराम के आदर्श जीवन पर प्रकाश डालते हुए कहा कि श्रीराम त्याग, मर्यादा, कर्तव्यनिष्ठा और आदर्श चरित्र के प्रतीक हैं। उन्होंने उपस्थित जनसमूह से आह्वान किया कि वे श्रीराम के आदर्शों को अपने जीवन में उतारें। उन्होंने नारी सशक्तिकरण पर विशेष बल देते हुए कहा कि महिलाओं को अपने महत्व को समझते हुए समाज निर्माण में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए। साथ ही उन्होंने बालिकाओं को दुर्गा वाहिनी जैसे संगठनों से जुड़कर आत्मरक्षा एवं संस्कारों के विकास की प्रेरणा दी।
उन्होंने कुटुंब प्रबोधन और सामाजिक समरसता को वर्तमान समय की सबसे बड़ी आवश्यकता बताते हुए कहा कि संगठित एवं संस्कारित समाज ही सशक्त राष्ट्र का निर्माण कर सकता है। उन्होंने दैनिक जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने, प्रातःकाल उठकर हनुमान चालीसा के पाठ तथा बच्चों में अच्छे संस्कार विकसित करने का संदेश दिया।


कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भैरूदास ने सामाजिक समरसता पर अपने विचार रखते हुए कहा कि आपसी भाईचारा, सहयोग और सद्भाव ही समाज को मजबूत बनाते हैं। उन्होंने सभी वर्गों के लोगों से मिल-जुलकर रहने और एक-दूसरे के सुख-दुख में सहभागी बनने का आह्वान किया।
इस अवसर पर परिषद के चांदमल जैन , हीराचंद खुटेटा ( जिला उपाध्यक्ष ), जिला सत्संग प्रमुख काशीराम विजय, जिला गौरक्षा प्रमुख रामावतार चौधरी, नगर अध्यक्ष चंद्रप्रकाश विजयवर्गीय,
नगर मंत्री मुकेश शर्मा (एडवोकेट), नगर सह मंत्री ओमप्रकाश सोनी, राजेंद्र फतेहपुरिया, बजरंग दल संयोजक अनुराग शर्मा, मदन गोपाल चौधरी, संजय जी, सुमित सेन नगर सुरक्षा प्रमुख, ज्ञानदेव जी शर्मा प्रखंड उपाध्यक्ष सहित अनेक कार्यकर्ता एवं नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में जितेंद्र बोयत का विशेष योगदान रहा। साथ ही चंद्रकांत बोयत, सुमित आदिवाल, विकास बोयत एवं वाल्मीकि बस्ती में संस्कार केंद्र संचालित करने वाली करिश्मा दीदी की भी सक्रिय सहभागिता रही।
अंत में आयोजकों ने सभी अतिथियों, श्रद्धालुओं एवं सहयोगकर्ताओं का आभार व्यक्त किया। पूरे आयोजन के दौरान श्रद्धा, भक्ति, संस्कार और सामाजिक एकता का अद्भुत संगम देखने को मिला, जिसने “सर्वे भवन्तु सुखिनः” की भावना को साकार किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!