त्योहारों को लेकर शांति समिति की बैठक, जुलूस मार्ग व सुरक्षा व्यवस्था पर मंथन

ईद, चेटीचंड व रामनवमी को सौहार्दपूर्ण माहौल में मनाने की अपील, यातायात नियमों की पालना के निर्देश

केकड़ी। आगामी त्योहारों—ईद, चेटीचंड एवं रामनवमी को लेकर शहर थाना परिसर में सीएलजी एवं शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए ठोस कार्ययोजना पर चर्चा की गई तथा सभी पर्वों को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने पर जोर दिया गया।

बैठक अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार मिल, पुलिस उप अधीक्षक हर्षित शर्मा एवं शहर थानाधिकारी अनील शर्मा के नेतृत्व में आयोजित हुई। इस दौरान जुलूस मार्ग, सुरक्षा व्यवस्था एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को लेकर विस्तृत मंथन किया गया।

अधिकारियों ने उपस्थित सदस्यों से आह्वान किया कि ईद एवं रामनवमी जैसे पर्वों को आपसी भाईचारे की मिसाल के रूप में मनाया जाए। साथ ही असामाजिक तत्वों पर नजर रखते हुए किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की गई।

बैठक में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं पर चिंता व्यक्त करते हुए आमजन को यातायात नियमों की पालना करने, हेलमेट एवं सीट बेल्ट का अनिवार्य उपयोग करने के निर्देश दिए गए। साथ ही परिवार एवं समाज में भी यातायात के प्रति जागरूकता फैलाने का आग्रह किया गया।

इस अवसर पर शहर के गणमान्य नागरिक, सीएलजी सदस्य, सुरक्षा सखी, व्यापार संघ सहित विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों ने सक्रिय भागीदारी निभाई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!