हर वर्ष 11 बालिकाओं को मासिक छात्रवृत्ति, सामाजिक संस्थाओं की मौजूदगी में पोस्टर विमोचन
केकड़ी, 19 मार्च। सावर रोड स्थित लॉर्ड तिरुपति महाविद्यालय ने समाज सेवा की दिशा में एक प्रेरणादायक कदम उठाते हुए स्वर्गीय श्रीमति लाडा देवी एवं स्वर्गीय श्री पोखर कुमावत छात्रवृत्ति योजना की शुरुआत की घोषणा की है। इस योजना के तहत प्रतिवर्ष 11 अनाथ बालिकाओं को प्रत्येक माह छात्रवृत्ति प्रदान की जाएगी, जिससे उनके उज्ज्वल भविष्य का मार्ग प्रशस्त होगा।

योजना के प्रचार-प्रसार के लिए महाविद्यालय के सिटी कार्यालय (रोडवेज बस स्टैंड) पर “बढ़ते कदम गौशाला” एवं भारत विकास परिषद केकड़ी के सहयोग से पोस्टर का विमोचन किया गया।
इस अवसर पर बढ़ते कदम गौशाला के व्यवस्थापक आनंदीराम सोमानी, विमल कुमार जैन (पूर्व सरपंच, हिसामपुर), राकेश तोषनीवाल, अमित गर्ग, राजेंद्र बियानी सहित भारत विकास परिषद के अध्यक्ष बहादुर सिंह शक्तावत, सचिव रामनिवास जैन, कोषाध्यक्ष हीरालाल सामरिया, पूर्व अध्यक्ष अशोक कुमार रांटा, कैलाश चंद जैन, शिव कुमार बियानी, प्रांतीय प्रभारी सर्वेश विजय, दिनेश वैष्णव, महावीर वैष्णव, डॉ. विष्णु कुमार साहू, ऋषि राज शर्मा एवं यज्ञ नारायण सिंह शक्तावत सहित अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहे।
महाविद्यालय के मार्गदर्शक डॉ. आदित्य उदयवाल ने बताया कि प्रबंधन समिति द्वारा सामाजिक सरोकार को ध्यान में रखते हुए कक्षा 1 से 12 तक की 11 बालिकाओं को नियमित छात्रवृत्ति देने का निर्णय लिया गया है, जिसे उपस्थित जनसमूह ने अत्यंत सराहनीय एवं प्रेरणादायक पहल बताया।
गौरतलब है कि महाविद्यालय पूर्व में भी 3 छात्राओं को गोद लेकर उनकी संपूर्ण शिक्षा का खर्च वहन कर रहा है। महाविद्यालय प्रशासन ने कहा कि शिक्षा ही समाज के समग्र विकास का आधार है और आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों को सहयोग देना उनकी प्राथमिकता है, ताकि कोई भी छात्र आर्थिक अभाव के कारण शिक्षा से वंचित न रहे।
कार्यक्रम में उपस्थित बढ़ते कदम गौशाला एवं भारत विकास परिषद के पदाधिकारियों ने महाविद्यालय की इस पहल को क्षेत्र के लिए प्रेरणास्रोत बताते हुए इसकी सराहना की।
