नासिरदा। क्षेत्र में शिक्षा को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए श्री रैगर विकास समिति नासिरदा द्वारा संचालित डिजिटल लाइब्रेरी का शुभारंभ श्री रैगर धर्मशाला परिसर में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मां शारदे और बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर के चित्रों के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन व माल्यार्पण के साथ हुआ। इसके बाद मुख्य अतिथि गोपाल लाल वर्मा (सेवानिवृत्त नर्सिंग अधीक्षक) ने फीता काटकर डिजिटल लाइब्रेरी का विधिवत उद्घाटन किया।

इस अवसर पर उपस्थित बालक-बालिकाओं का तिलक व माल्यार्पण कर स्वागत किया गया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। लाइब्रेरी में विद्यार्थियों के अध्ययन के लिए 20 सीटों की व्यवस्था की गई है, जिससे उन्हें शांत वातावरण में पढ़ाई करने की सुविधा मिल सकेगी।
कार्यक्रम की अध्यक्षता अखिल भारतीय रेगर महासभा टोंक के जिलाध्यक्ष शंकर लाल हाथीवाल ने की। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि शिक्षा ही वह माध्यम है जिससे समाज अंधविश्वास से दूर होकर विकास के मार्ग पर आगे बढ़ सकता है। मुख्य अतिथि गोपाल लाल वर्मा ने भी शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि आज के समय में शिक्षा के बिना जीवन में आगे बढ़ना कठिन है।

कार्यक्रम के दौरान डिजिटल लाइब्रेरी के लिए सहयोग देने वाले भामाशाहों का माला पहनाकर व साफा बांधकर सम्मान किया गया। मुख्य अतिथि गोपाल लाल वर्मा ने लाइब्रेरी के लिए करीब 51,500 रुपये की लागत से 20 कुर्सियां, एक कूलर व एक लोहे की अलमारी भेंट की। साथ ही भविष्य में बनने वाले हॉल निर्माण के लिए एक लाख रुपये देने की घोषणा भी की।
इस दौरान जिला महामंत्री रामभज वर्मा, जिला कोषाध्यक्ष महेंद्र कुमार मंडरावलिया, जिला सचिव महेंद्र कुमार बांसोटिया, शहर ब्लॉक अध्यक्ष यादवराय बदलोटिया, संरक्षक अंबालाल मौर्य, युवा प्रकोष्ठ जिलाध्यक्ष बुद्धि प्रकाश दबकिया, मोहनलाल ठागरिया, चौथमल करवलिया, सेवानिवृत्त एसआई बिहारी लाल जग्रवाल, चांदमल दबकिया, बनवारी लाल वर्मा सहित अनेक गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
कार्यक्रम का मंच संचालन राजेंद्र कुमार डडवाडिया व महेंद्र कांसोटिया ने किया, जबकि अंत में महेंद्र कांसोटिया ने सभी अतिथियों, भामाशाहों और उपस्थित नागरिकों का आभार व्यक्त किया।
