श्री भाग्यदेश्वर महादेव मंदिर में फागोत्सव का धमाल,
भक्ति और रंगों में सराबोर हुए श्रद्धालु , फूलों से खेली होली
केकड़ी। फागुन मास के पावन अवसर पर शहर के अजमेर रोड स्थित भाग्योदय नगर के श्री भाग्यदेश्वर महादेव मंदिर में भव्य फागोत्सव का आयोजन बुधवार फागुन की एकम को बड़े ही हर्षोल्लास, श्रद्धा और भक्तिमय वातावरण में संपन्न हुआ। पूरे मंदिर परिसर को रंग-बिरंगे फूलों, गुलाल और आकर्षक सजावट से सजाया गया, जिससे वातावरण पूरी तरह उत्सवमय हो गया। ढोल-नगाड़ों की गूंज, भजनों की मधुर ध्वनि और “हर-हर महादेव” व “राधे-राधे” के जयकारों से पूरा परिसर गुंजायमान रहा।

मंदिर समिति के अध्यक्ष महावीर विजयवर्गी ने बताया कि फागुन मास में प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी विशाल फागोत्सव का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान भोलेनाथ की विधिवत पूजा-अर्चना से हुआ, जिसके बाद भजन संध्या का आयोजन किया गया।
भजन संध्या में मधुर संगीत गायिका सुनिधि जांगिड़ ने होली और श्रीकृष्ण भक्ति से जुड़े एक से बढ़कर एक भजनों की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। उनके सुरों की मधुरता ने श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया और महिला-पुरुष भक्त स्वतः ही भक्ति के रंग में झूमते नजर आए। वहीं स्थानीय गायक दामोदर सैनी ने भी भजनों की शानदार प्रस्तुति देकर वातावरण को पूरी तरह भक्तिमय बना दिया।

कार्यक्रम के दौरान राधा-कृष्ण की जीवंत झांकी विशेष आकर्षण का केंद्र रही। राधा कृष्ण की रास लीला का मनोहारी दृश्य प्रस्तुत किया गया, जिसे देखकर श्रद्धालु भावविभोर हो उठे। झांकी के साथ फूलों की होली खेली गई, जिसमें श्रद्धालुओं ने एक-दूसरे पर फूल बरसाकर और गुलाल का टीका लगाकर प्रेम, भाईचारे और सद्भाव का संदेश दिया।

मंदिर समिति के उपाध्यक्ष कैलाश चंद मीणा ने बताया कि यह आयोजन मंदिर समिति और सभी भक्तों के सहयोग से सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। भजन संध्या के पश्चात भगवान भोलेनाथ का मनमोहक श्रृंगार कर महाआरती की गई और श्रद्धालुओं में प्रसाद का वितरण किया गया।
आयोजन में महिला मंडल की सदस्याएं विशेष रूप से एकरूपता के साथ निर्धारित साड़ियों में सुसज्जित नजर आईं, जिससे कार्यक्रम की भव्यता और भी बढ़ गई। महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए फाग गीतों पर नृत्य किया और पूरे वातावरण को उत्सवमय बना दिया।
इस अवसर पर मंदिर समिति के संरक्षक महावीर शर्मा, कोषाध्यक्ष रामराज जांगिड़, सचिव रामधन प्रजापत, मीडिया प्रभारी दिनेश वैष्णव, वरिष्ठ सदस्य अमरचंद टेलर, बालमुकुंद शर्मा, बलवंत सिंह, शास्त्री विशाल पाराशर, शंकरलाल धाकड़, मूलसिंह, रामस्वरूप चौधरी, अशोक जांगिड़, मुकेश धाकड़, रामप्रसाद झारोटिया, बाबूलाल जांगिड़, कृष्ण गोपाल सिंह, अभिषेक चौधरी, विनोद शर्मा, बियाणी परिवार, लक्की सेन, वंशू सिंह, मोहित मीणा, बंटी प्रजापत सहित बड़ी संख्या में महिला-पुरुष श्रद्धालु उपस्थित रहे।
पूरे आयोजन के दौरान मंदिर परिसर में भक्ति, उल्लास और आपसी प्रेम का अद्भुत संगम देखने को मिला। फागोत्सव ने सभी श्रद्धालुओं के हृदय में भक्ति, प्रेम और सौहार्द के रंग भर दिए तथा उपस्थित भक्तों के लिए यह आयोजन लंबे समय तक यादगार बना रहा।
