केकड़ी । द वाइब्रेंट एकेडमी, ओल्ड कोटा रोड, गांव मोलकिया-केकड़ी (अजमेर) में 25 फरवरी 2026 को आयोजित करियर गाइडेंस सेमिनार सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य को ध्यान में रखते हुए आयोजित इस सेमिनार में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं एवं अभिभावकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम की मुख्य वक्ता रेनू नेहरा (असिस्टेंट कमांडेंट, UPSC चयनित) रहीं, जिन्होंने विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी की रणनीतियों, लक्ष्य निर्धारण, समय प्रबंधन एवं आत्मविश्वास के महत्व पर विस्तृत मार्गदर्शन प्रदान किया। उन्होंने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि सफलता के लिए निरंतर अभ्यास, सकारात्मक सोच और सही दिशा में प्रयास अत्यंत आवश्यक हैं। विद्यार्थियों ने उनसे सिविल सेवा सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं से जुड़े प्रश्न पूछे, जिनका उन्होंने सरल और प्रेरक तरीके से उत्तर दिया।
विद्यालय के मुख्य प्रबंधक डॉ. महेन्द्र सिंह डूडी ने बताया कि सेमिनार का उद्देश्य विद्यार्थियों को प्रारंभिक स्तर से ही प्रतिस्पर्धी परीक्षाओं के प्रति जागरूक करना और उन्हें सही मार्गदर्शन प्रदान करना है। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों में आत्मविश्वास और लक्ष्य के प्रति स्पष्टता विकसित करते हैं।
कार्यक्रम के अंत में अतिथि वक्ता का सम्मान किया गया तथा विद्यार्थियों ने इस पहल के लिए विद्यालय प्रबंधन का आभार व्यक्त किया। सेमिनार ने विद्यार्थियों को अपने करियर को लेकर नई दिशा और प्रेरणा प्रदान की। सेमिनार में सभी विद्यार्थियों सहित अभिभावकगण व विद्यालय के समस्त स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे।
