केकड़ी। परिवहन आयुक्त के आदेशानुसार वित्तीय वर्ष 2025-26 के विभागीय एवं राजस्व लक्ष्यों की शत-प्रतिशत प्राप्ति सुनिश्चित करने के उद्देश्य से राज्य के सभी परिवहन कार्यालयों में प्रभारी अधिकारियों की नियुक्ति की गई है। इसी क्रम में जिला परिवहन कार्यालय केकड़ी में आवंटित राजस्व लक्ष्यों की पूर्ण प्राप्ति, गत वर्ष के डिफाल्टर वाहनों से बकाया वसूली एवं विभागीय योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर 14 फरवरी 2026 को समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक की अध्यक्षता प्रभारी अधिकारी डॉ. वीरेंद्र सिंह राठौड़, उप परिवहन आयुक्त (सड़क सुरक्षा) ने की। समीक्षा के दौरान वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए निर्धारित राजस्व लक्ष्य की प्राप्ति हेतु किए जा रहे प्रयासों की विस्तृत समीक्षा की गई। इस दौरान परिवहन निरीक्षकों को निर्देश दिए गए कि राजस्व बढ़ाने के लिए सड़क पर सभी अधिकारियों द्वारा सघन चेकिंग कार्यवाही सुनिश्चित की जाए। साथ ही मार्च माह तक विशेष अभियान चलाकर सघन चेकिंग करने के निर्देश भी जारी किए गए।
बैठक में मुख्यालय से प्राप्त भार वाहनों, यात्री वाहनों एवं टीआरसी (TRC) पर बिना कर जमा कराए संचालित शेष वाहनों से शत-प्रतिशत बकाया वसूली सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। विभिन्न फर्मों के वाहनों पर लंबित चालानों के शीघ्र निस्तारण के लिए आवश्यक कार्यवाही करने पर भी जोर दिया गया। समस्त परिवहन निरीक्षकों को वित्तीय वर्ष 2025-26 के आवंटित लक्ष्यों एवं प्रशमन राशि की प्राप्ति के लिए स्पष्ट दिशा-निर्देश प्रदान किए गए।
उल्लेखनीय है कि भार वाहनों का वर्ष 2026-27 का कर जमा करने की अंतिम तिथि 15 मार्च निर्धारित है। विभाग द्वारा बिना पूर्ण दस्तावेजों के संचालित वाहनों को सीज किए जाने के आदेश भी जारी किए गए हैं। ऐसे में आमजन से अपील की गई है कि वे अपने वाहनों का कर नियत तिथि से पूर्व ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से जमा करवा लें, ताकि चालान एवं विभागीय कार्यवाही से बचा जा सके।
