राजस्थान पुलिस की पदोन्नति परीक्षा 2021–22 के परिणाम घोषित, केकड़ी अंचल में उत्साह और गर्व का माहौल
केकड़ी । राजस्थान पुलिस द्वारा आयोजित योग्यता आधारित पदोन्नति परीक्षा 2021–22 के परिणाम घोषित होने के साथ ही केकड़ी क्षेत्र में खुशी और उत्साह का वातावरण बन गया है। इस परीक्षा में क्षेत्र के सात कांस्टेबलों ने सफलता प्राप्त करते हुए हेड कांस्टेबल पद पर पदोन्नति हासिल की है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार अजमेर पुलिस लाइन से रामराज सामरिया, केकड़ी शहर थाना से परमवीर सिंह, केकड़ी सदर थाना से केदार सिंह एवं रंगलाल मीणा, सरवाड़ थाना से राजकिरण सिंह, सावर थाना से छोटूराम मीणा तथा भिनाय थाना से सुरेंद्र मीणा को हेड कांस्टेबल पद पर पदोन्नत किया गया है। इन सभी कार्मिकों ने अपनी मेहनत, अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा के बल पर यह उपलब्धि हासिल की है।
पदोन्नति की सूचना मिलते ही संबंधित थानों एवं पुलिस लाइन में सहकर्मियों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर बधाई दी। वरिष्ठ अधिकारियों ने भी पदोन्नत हुए हेड कांस्टेबलों को शुभकामनाएं देते हुए आशा जताई कि वे भविष्य में भी इसी निष्ठा और ईमानदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करेंगे।
स्थानीय नागरिकों एवं जनप्रतिनिधियों ने भी इस सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि अनुभवी और कर्मठ पुलिसकर्मियों की पदोन्नति से कानून-व्यवस्था को और मजबूती मिलेगी तथा आमजन में पुलिस के प्रति विश्वास और अधिक सुदृढ़ होगा।


