विधायक शत्रुघ्न गौतम के प्रयासों से सड़क, पुल, जल संसाधन व प्रशासनिक ढांचे के लिए करोड़ों की स्वीकृति
केकड़ी। उपमुख्यमंत्री (वित्त) द्वारा 11 फरवरी 2026 को प्रस्तुत बजट 2026–27 में केकड़ी विधानसभा क्षेत्र को उल्लेखनीय विकास सौगातें मिली हैं। विधायक शत्रुघ्न गौतम के सतत प्रयासों के चलते क्षेत्र को आधारभूत ढांचे, सड़क कनेक्टिविटी, जल संसाधन, ऐतिहासिक धरोहरों के संरक्षण एवं प्रशासनिक सुदृढ़ीकरण के लिए करोड़ों रुपये की स्वीकृति प्रदान की गई है।

सड़क व पुल निर्माण पर विशेष फोकस-: क्षेत्र में आवागमन को सुलभ बनाने और यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से बजट में निम्न प्रमुख प्रावधान किए गए हैं—
- विजयनगर से केकड़ी तक सड़क निर्माण हेतु 15 करोड़ रुपये स्वीकृत, जिससे यातायात और व्यापार को बढ़ावा मिलेगा।
- गुलगांव–मेहरूकलां–बिसुन्दनी सड़क मय पुलिया निर्माण के लिए 30 करोड़ रुपये का प्रावधान, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों की कनेक्टिविटी मजबूत होगी।
- शेरगढ़ से जीवनपुरा (केकड़ी) मार्ग पर पुलिया निर्माण हेतु 4 करोड़ 95 लाख रुपये स्वीकृत, जिससे बरसात के मौसम में होने वाली परेशानियों से राहत मिलेगी।
कृषि के लिए जल संसाधनों को मिलेगा संबल-: कृषि प्रधान क्षेत्र को ध्यान में रखते हुए जल संरक्षण एवं सिंचाई सुविधाओं को प्राथमिकता दी गई है—
- मदन सरोवर, धानवा बांध एवं संबंधित नहरों की मरम्मत व जीर्णोद्धार (सरवाड़) के लिए 10 करोड़ रुपये की स्वीकृति, जिससे किसानों को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा और सिंचाई क्षमता में वृद्धि होगी।
ऐतिहासिक धरोहरों के संरक्षण को बढ़ावा-: क्षेत्र की सांस्कृतिक एवं ऐतिहासिक पहचान को संरक्षित करने के उद्देश्य से—
- ऐतिहासिक सरवाड़ किले के संरक्षण एवं जीर्णोद्धार के लिए 4.5 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं, जिससे पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा।
प्रशासनिक सुविधाओं का होगा विस्तार-: आमजन को बेहतर सरकारी सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में—
- केकड़ी (अजमेर) में मिनी सचिवालय की स्थापना को स्वीकृति प्रदान की गई है, जिससे विभिन्न विभागों की सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध होंगी और लोगों को राहत मिलेगी।
