केकड़ी । आगामी 8 फरवरी को आयोजित होने वाले विराट हिन्दू सम्मेलन के प्रति समाज में जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से श्री भाग्योदेश्वर महादेव मंदिर समिति के तत्वावधान में भाग्योदय नगर में भव्य रामधुनी एवं मशाल यात्रा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य हिन्दू समाज को एकजुट कर सम्मेलन में अधिकाधिक सहभागिता सुनिश्चित करना रहा।
प्रचार प्रमुख रोहित जांगिड़ ने जानकारी देते हुए बताया कि सम्मेलन का संदेश जन-जन तक पहुँचाने के लिए अक्षत एवं पत्रकों का वितरण किया गया तथा समाजबंधुओं से अधिक से अधिक संख्या में सम्मेलन में सम्मिलित होने का आह्वान किया गया। मशाल यात्रा सायं 7:30 बजे महादेव मंदिर प्रांगण से प्रारंभ होकर एवन वाटर सप्लायर, काजीपुरा, मोदी नगर, बसंत नगर, श्रीराम सर्किल एवं शास्त्री नगर होते हुए पुनः महादेव मंदिर परिसर में संपन्न हुई।
मशाल यात्रा में युवाओं, महिलाओं एवं मातृशक्ति की विशेष सहभागिता देखने को मिली। हाथों में मशालें एवं भगवा ध्वज लिए कार्यकर्ताओं ने रामधुन एवं जयकारों के साथ नगर के विभिन्न मार्गों से होकर समाज जागरण का संदेश दिया। पूरे आयोजन के दौरान वातावरण धार्मिक नारों एवं जयघोष से गुंजायमान रहा।
इस अवसर पर उपस्थित वक्ताओं ने विराट हिन्दू सम्मेलन को सामाजिक एकता, सांस्कृतिक जागरण एवं सनातन मूल्यों के संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताते हुए 8 फरवरी को अधिक से अधिक संख्या में सम्मेलन में सम्मिलित होने का आग्रह किया।
मशाल यात्रा एवं कार्यक्रम में श्री भाग्योदेश्वर महादेव मंदिर समिति के अध्यक्ष महावीर विजयवर्गीय, उपाध्यक्ष कैलाश चंद्र मीणा, सचिव रामधन प्रजापत, कोषाध्यक्ष रामराज जांगिड़, संरक्षक महावीर शर्मा सहित दिनेश वैष्णव, मनोहर नमा, बालमुकुंद शर्मा, रामस्वरूप चौधरी, महावीर वैष्णव, मंदिर पुजारी रमेश वैष्णव, लोकेश सेन, राहुल शर्मा, राकेश शर्मा, मोजेंद्र राव, कैलाश खंडेलवाल तथा महिला मंडल से प्रियंका शर्मा, शंभू सैन, स्वीटी शर्मा, सुशीला देवी जांगिड़ सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने सक्रिय सहभागिता निभाई।
