केकड़ी। अजमेर रोड स्थित श्री शक्ति हाई स्कूल, केकड़ी में बोर्ड परीक्षा की तैयारी कर रहे बालक-बालिकाओं के लिए एक भव्यतम मार्गदर्शन सेमिनार का आयोजन किया गया। सेमिनार में श्रेष्ठ विषय-विशेषज्ञों द्वारा विद्यार्थियों को परीक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण सुझाव दिए गए।

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि श्री शक्ति की पूर्व छात्रा एवं वर्तमान शिक्षिका श्रीमती निशा पारिक रहीं। उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा—
“जो रातें जागकर लिखी जाती हैं, वही सुबह रिजल्ट में चमकती हैं। मेहनत कभी बेकार नहीं जाती, बस धैर्य से इंतजार करना पड़ता है।”
उन्होंने विद्यार्थियों से धैर्य, आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच के साथ परीक्षा देने का आह्वान किया।
विद्यालय की प्रिंसिपल श्रीमती राकेश कंवर ने बोर्ड परीक्षार्थियों को गुड़ एवं दही-मिश्री खिलाकर तथा तिलक लगाकर शुभकामनाएं दीं और ईश्वर से विद्यार्थियों की उत्तम सफलता की कामना की। उन्होंने कहा कि परीक्षा हमें अनुशासन और समय का महत्व सिखाती है, और जो धैर्यपूर्वक प्रयास करता है वही सफलता प्राप्त करता है।

संस्था सचिव भवानी सिंह शक्तावत ने दो घंटे से अधिक चली कार्यशाला में विद्यार्थियों का संस्कारों के माध्यम से मार्गदर्शन किया। उन्होंने कहा कि परीक्षा लक्ष्य तक पहुँचने की सीढ़ी है, जिसकी मजबूत नींव मेहनत होती है। साथ ही उन्होंने बोर्ड परीक्षा से जुड़े उपयोगी टिप्स साझा किए, जिससे विद्यार्थी अधिक अंक प्राप्त कर सकें और उज्ज्वल भविष्य की ओर अग्रसर हों।
कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों को परीक्षा में सफलता हेतु शुभकामनाएं प्रदान की गईं।
