केकड़ी।
रेगर समाज केकड़ी द्वारा 1 फरवरी को आयोजित होने वाले सामूहिक विवाह सम्मेलन को लेकर भैरू गेट स्थित आयोजन स्थल पर एक अति आवश्यक बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता समाजसेवी गोपाल लाल वर्मा ने की।
बैठक में आयोजन समिति द्वारा सम्मेलन की सफलता हेतु भोजन-पानी, माइक व टेंट, स्टेज, तोरण, दूल्हा-दुल्हन के फेरे, बिंदोली सहित विभिन्न व्यवस्थाओं के लिए अलग-अलग कमेटियों का गठन कर दायित्व सौंपे गए। समिति पदाधिकारियों ने बताया कि सभी तैयारियाँ जोरों पर हैं और सभी कार्यक्रम एक ही स्थल पर संपन्न कराए जाएंगे।
सम्मेलन में 15 जोड़ों का पंजीकरण पूर्ण कर उन्हें समय पर उपस्थित होने की सूचना दे दी गई है। बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि शराब पीकर आने वालों पर जुर्माना लगाया जाएगा। दूल्हा-दुल्हन की बिंदोली के साथ समाज की महिलाओं द्वारा मंगल-कलश यात्रा निकाली जाएगी, जिसमें समाजबंधु शामिल होंगे।
इस अवसर पर स्थानीय रेगर समाज ने कार्यक्रम को लेकर दो दिन काम-धंधा बंद रखने एवं शराब सेवन नहीं करने का संकल्प लिया। अध्यक्षता करते हुए गोपाल लाल वर्मा ने युवाओं से संगठित होकर जिम्मेदारी से कार्य करने का आह्वान किया।
बैठक में समाज अध्यक्ष पारस मल कांसोटिया, सम्मेलन अध्यक्ष दुर्गा लाल कांसोटिया, मीडिया प्रभारी महावीर कांसोटिया सहित बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे।
