केकड़ी । द वायब्रेंट एकेडमी विद्यालय में 77वां गणतंत्र दिवस बड़े उत्साह और गरिमामय वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत ध्वजारोहण से हुई, जिसके पश्चात विद्यार्थियों द्वारा आकर्षक परेड प्रस्तुत की गई। परेड में छात्रों के अनुशासन और देशभक्ति की भावना ने सभी का मन मोह लिया।

इस अवसर पर विद्यालय परिसर देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया। विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक एवं देशभक्ति कार्यक्रमों की मनमोहक प्रस्तुतियाँ दीं, जिनमें देशभक्ति गीत, नृत्य और नाट्य प्रस्तुति शामिल रही। इन प्रस्तुतियों के माध्यम से छात्रों ने देश के प्रति अपने प्रेम और सम्मान को प्रभावशाली ढंग से प्रदर्शित किया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि करण कुमार मेघवंशी रहे, जिन्होंने RAS 2023 परीक्षा में 18वीं रैंक प्राप्त की है और भावी एसडीएम हैं। मुख्य अतिथि का विद्यालय प्रबंधन द्वारा साफा एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मान किया गया। अपने संबोधन में उन्होंने विद्यार्थियों को कड़ी मेहनत, अनुशासन और देश के प्रति कर्तव्यनिष्ठा का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि युवा ही देश का भविष्य हैं और शिक्षा के साथ संस्कारों का होना अत्यंत आवश्यक है।

विद्यालय के प्रधानाचार्य ने राष्ट्रीय पर्व कहकर संबोधित किया और कहा कि हर देश का अपना कानून होता है, अपनी विधि होती है जिसको आधार बनाकर देश प्रगति करता है, ठीक उसी तरह से भारत में भी विधि का निर्माण 26 नवम्बर 1949 को कर 26 जनवरी 1950 को देश के नाम एक दस्तावेज सौंपा था। इस कारण हमें देश के इस महान व विश्व के सबसे बड़े लिखित संविधान (दस्तावेज) का हमे सम्मान करना चाहिये।

विद्यालय के मुख्य प्रबंधक डॉ. महेन्द्र सिंह डूडी ने जन-जन के तंत्र ‘गणतंत्र’ तथा संविधान निर्माण सहित अनुपालना पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को अपने जीवन में संविधान शामिल करने का संदेश दिया तथा कार्यक्रम की सफलता पर सभी विद्यार्थियों को बधाई दी और ऐसे आयोजनों से छात्रों में राष्ट्रप्रेम की भावना विकसित होने की बात कही। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ किया गया।
कार्यक्रम में सभी विद्यार्थियों सहित अभिभावकगण व विद्यालय के समस्त कार्मिक सदस्य उपस्थित रहे।
