रेगर समाज केकड़ी ने संत शिरोमणि रविदास जयंती पर किया सामूहिक विवाह सम्मेलन का आयोजन
केकड़ी।
रेगर समाज केकड़ी की ओर से संत शिरोमणि रविदास जयंती के अवसर पर समाजस्तरीय सामूहिक विवाह सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन में यज्ञाचार्य संत रामलाल गढ़वाल के सानिध्य में 15 जोड़ों ने वैदिक रीति-रिवाजों के अनुसार अग्नि के समक्ष सात फेरे लेकर एक-दूसरे को जीवनसाथी चुना।

इससे पूर्व भेरू गेट स्थित बाबा रामदेव मंदिर से प्रातः 9 बजे बैंड-बाजों के साथ वर-वधुओं की बिंदौली निकाली गई। शोभायात्रा में सुसज्जित वाहन पर संत रविदास की प्रतिमा स्थापित की गई, जो शहर के विभिन्न मार्गों से होती हुई कार्यक्रम स्थल पर पहुंची। वहां वधू-वर द्वारा तोरण की रस्म अदा की गई, जिसके पश्चात वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पारिग्रहण संस्कार संपन्न हुआ। इसके बाद आशीर्वाद समारोह आयोजित किया गया।
समारोह में मुख्य अतिथि शत्रुघ्न गौतम ने विधानसभा की व्यस्तता के चलते ऑनलाइन संदेश के माध्यम से नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद देते हुए कहा कि सामूहिक विवाह जैसे आयोजनों से फिजूलखर्ची रुकती है तथा निर्धन वर्ग को आगे बढ़ने में सहायता मिलती है। ऐसे आयोजनों से समाज में एकता और भाईचारा भी मजबूत होता है।
आयोजन समिति पदाधिकारियों एवं समाज अध्यक्ष पारसमल कांसोटिया, सम्मेलन अध्यक्ष दुर्गालाल कांसोटिया तथा उपाध्यक्ष लोकेश कांसोटिया ने अतिथियों का माला व साफा पहनाकर स्वागत किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता गोपाललाल वर्मा ने की।
विशिष्ट अतिथि के रूप में समाजसेवी रामप्रसाद मुणोत, कर्नल दुर्गालाल रेगर, तहसीलदार संतोष रेगर, महासभा के जिला अध्यक्ष गुदड़मल जगरवाल, ओमप्रकाश मुडेंतिया, गोपाल कांसोटिया सहित अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन प्रभुलाल बादल एवं राजेश वर्मा ने किया।
इस अवसर पर समाजसेवी गोपाललाल वर्मा ने कहा कि दानदाताओं के सहयोग से आयोजित ऐसे कार्यक्रमों से पुण्य की प्राप्ति होती है तथा समाज में समरसता बनी रहती है। कर्नल दुर्गालाल रेगर, मीडिया प्रभारी महावीर कांसोटिया, प्रभुलाल बदलोटिया, प्रिंसिपल गोपाललाल रेगर सहित अन्य वक्ताओं ने भी अपने विचार व्यक्त किए। अंत में समाज अध्यक्ष द्वारा सभी आगंतुकों का आभार व्यक्त किया गया।
इस दौरान प्रदेश के विभिन्न जिलों से सैकड़ों समाजबंधु उपस्थित रहे।
