केकड़ी जिला चिकित्सालय में पहली बार मुंह के कैंसर का सफल ऑपरेशन, डॉ. रामअवतार साहू की कुशलता से रचा गया इतिहास


राजस्थान समाचार प्लस केकड़ी।


केकड़ी जिला चिकित्सालय ने चिकित्सा क्षेत्र में एक ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल करते हुए नया कीर्तिमान स्थापित किया है। चिकित्सालय में पहली बार मुंह के छाले से संबंधित कैंसर का सफल ऑपरेशन किया गया, जिससे केकड़ी सहित आसपास के ग्रामीण अंचल के मरीजों को बड़ी राहत मिली है।


इस संबंध में केकड़ी जिला चिकित्सालय के चिकित्सा प्रमुख डॉ. नवीन जांगिड़ ने बताया कि एक 44 वर्षीय व्यक्ति पिछले लगभग दो महीनों से मुंह में छाले घाव से पीड़ित था, जो लगातार उपचार के बावजूद ठीक नहीं हो रहा था। मरीज जब जिला चिकित्सालय में नाक,कान,गला स्पेशलिस्ट डॉ. रामअवतार साहू को दिखाने आया, तो उनकी गहन जांच, अनुभव और चिकित्सकीय सूझबूझ के चलते मरीज की तत्काल बायोप्सी जांच करवाई गई, जिसमें रिपोर्ट में कैंसर की पुष्टि हुई। रिपोर्ट आने के बाद मरीज का ऑपरेशन केकड़ी जिला चिकित्सालय में ही किया गया, जो पूरी तरह सफल रहा। वर्तमान में मरीज की स्थिति सामान्य है और आगे के उपचार के लिए उसे कीमोथेरेपी की सलाह दी गई है।


उन्होंने बताया कि इससे पहले केकड़ी क्षेत्र में इस प्रकार के कैंसर ऑपरेशन की सुविधा उपलब्ध नहीं थी और मरीजों को मजबूरी में अजमेर, जयपुर जैसे बड़े शहरों में उपचार के लिए जाना पड़ता था। अब जिला चिकित्सालय में यह सुविधा उपलब्ध होने से आमजन को समय, धन और मानसिक परेशानी से बड़ी राहत मिलेगी।
डॉ. नवीन जांगिड़ ने इस सफलता का श्रेय डॉ. रामअवतार साहू की विशेषज्ञता, समर्पण और सतत प्रयासों को देते हुए कहा कि यह उपलब्धि केकड़ी जिला चिकित्सालय के लिए गर्व का विषय है। इस अवसर पर चिकित्सालय स्टाफ एवं क्षेत्रवासियों ने डॉ. साहू को बधाई देते हुए इसे केकड़ी के चिकित्सा क्षेत्र में मील का पत्थर बताया।
गौरतलब है कि पिछले सप्ताह ही नाक-कान-गला रोग विशेषज्ञ डॉ. रामअवतार साहू द्वारा भी थायराइड कैंसर का सफल ऑपरेशन केकड़ी जिला चिकित्सालय में किया गया था। विशेषज्ञ चिकित्सकों की केकड़ी में सेवाएं मिलने से क्षेत्रवासियों को उच्च स्तरीय इलाज अब स्थानीय स्तर पर ही उपलब्ध हो पा रहा है।
ऑपरेशन के दौरान एनेस्थीसिया विशेषज्ञ डॉ. रोहित पारीक, डॉ. अजी कुमार तथा नर्सिंग स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही, जिनके सहयोग से यह जटिल सर्जरी सफलतापूर्वक संपन्न हो सकी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!