मकर संक्रांति पर माता – पिता की पुण्य स्मृति में समाजोपयोगी हेतु 25 कुर्सियां व टी-टेबल भेंट

केकड़ी, 14 जनवरी 2026
सनातन धर्म के पावन पर्व मकर संक्रांति के शुभ अवसर पर सामाजिक सेवा और पुण्य स्मरण की एक प्रेरक मिसाल सामने आई। भेरू गेट, केकड़ी स्थित रैगर समाज कार्यालय एवं समाजबंधुओं के सामूहिक उपयोग हेतु 25 प्लास्टिक कुर्सियां एवं एक टी-टेबल सप्रेम भेंट की गई।
यह भेंट स्वर्गीय पिता मन्ना लाल एवं स्वर्गीय माता झमकु देवी की पुण्य स्मृति में प्रदान की गई। इस अवसर पर कुल ₹15,600 (पंद्रह हजार छह सौ रुपये) की राशि का भुगतान स्वयं दानदाता द्वारा किया गया।
दानदाता गोपाल लाल वर्मा, जो कि प्रदेश प्रचार-प्रसार सचिव, अखिल भारतीय रैगर महासभा (राजस्थान प्रदेश) हैं तथा जिनका वर्तमान मुख्यालय केकड़ी, जिला अजमेर है, ने इस अवसर पर कहा कि माता–पिता की स्मृति में समाजोपयोगी कार्य करना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है। उन्होंने समाज की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए यह सामग्री भेंट की, जिससे सामाजिक बैठकों, कार्यक्रमों एवं सामूहिक आयोजनों में सुविधा मिलेगी।
कार्यक्रम के दौरान भेरू गेट केकड़ी रैगर समाज के पंचों एवं समाजबंधुओं ने भेंट को सहर्ष स्वीकार करते हुए दानदाता के प्रति आभार व्यक्त किया। समाज के वरिष्ठजनों ने इसे प्रेरणादायक पहल बताते हुए कहा कि ऐसे कार्य समाज में सेवा, सहयोग और संस्कारों की भावना को मजबूत करते हैं।
अंत में गोपाल लाल वर्मा ने समस्त भेरू गेट केकड़ी के रैगर समाज पंचों का हृदय से धन्यवाद ज्ञापित किया और कहा कि समाज की एकता व विकास के लिए वे भविष्य में भी यथासंभव सहयोग करते रहेंगे।
यह आयोजन मकर संक्रांति के पावन पर्व पर सेवा, समर्पण और सामाजिक उत्तरदायित्व का सुंदर उदाहरण बनकर सामने आया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!