युवा दिवस पर छात्र-छात्राओं व युवाओं का थाना भ्रमण, पुलिस कार्यप्रणाली से कराया गया अवगत
केकड़ी | आज
युवा दिवस के अवसर पर पुलिस मुख्यालय राजस्थान, जयपुर के निर्देशानुसार पुलिस अधीक्षक जिला अजमेर वंदिता राणा (आईपीएस) के दिशा-निर्देशन में तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक केकड़ी राजेश कुमार मील (आरपीएस) एवं वृत्ताधिकारी केकड़ी हर्षित शर्मा (आरपीएस) के सुपरवीजन में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम के तहत थाना क्षेत्र के लगभग 80 से 90 छात्र-छात्राओं एवं युवाओं को थाना केकड़ी आमंत्रित कर थाना की कार्यप्रणाली, पुलिस व्यवस्था एवं जनसेवा से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी गई। पुलिस अधिकारियों द्वारा युवाओं को सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों की पालना, साइबर सुरक्षा एवं साइबर अपराधों से बचाव, बाल अधिकार एवं बाल संरक्षण, आपदा प्रबंधन, राजकॉप सिटिजन ऐप तथा विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई।
इसके साथ ही युवाओं को नशे की दुष्प्रवृत्ति एवं उसके दुष्परिणामों से अवगत कराते हुए यातायात नियमों का पालन करने एवं समाज में जागरूक नागरिक बनने की शपथ दिलाई गई।
इस अवसर पर पुलिस अधिकारियों ने युवाओं से कानून के प्रति सम्मान रखने, अनुशासन में रहने एवं समाज में सकारात्मक भूमिका निभाने का आह्वान किया।
