केकड़ी | 12 जनवरी
पीएम श्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, केकड़ी में स्वामी विवेकानंद की जयंती के अवसर पर राष्ट्रीय युवा दिवस विद्यालय के सभागार में उत्साहपूर्वक मनाया गया। विद्यालय के प्रथम प्रभारी विनोद कुमार जैन ने बताया कि स्वामी विवेकानंद का जन्मदिवस प्रतिवर्ष राष्ट्रीय युवा दिवस के रूप में मनाया जाता है।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधायक शत्रुघ्न गौतम रहे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता सेवानिवृत्त कर्नल दुर्गा लाल रेगर ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी गोपी लाल कीर, शहर मंडल अध्यक्ष रितेश जैन, पार्षद मनोज कुमावत एवं पूर्व पार्षद धनराज सैनी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के प्रारंभ में अतिथियों द्वारा मां सरस्वती एवं स्वामी विवेकानंद के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन किया गया। इसके पश्चात संस्था प्रधान गोपाल लाल रेगर एवं विद्यालय परिवार द्वारा अतिथियों का स्वागत किया गया।
मुख्य अतिथि विधायक शत्रुघ्न गौतम ने अपने उद्बोधन में विद्यार्थियों को स्वामी विवेकानंद के आदर्शों को जीवन में अपनाने का आह्वान करते हुए कहा कि लक्ष्य प्राप्ति के मार्ग में आने वाली किसी भी बाधा से घबराना नहीं चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों को “उठो, जागो और तब तक मत रुको जब तक लक्ष्य की प्राप्ति न हो” का संकल्प दिलाया।
संस्था प्रधान गोपाल लाल रेगर ने अपने उद्बोधन में विद्यालय में संचालित विभिन्न शैक्षणिक एवं विकासात्मक प्रकल्पों की जानकारी दी तथा सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में विद्यालय के समस्त कार्मिकों का सहयोग रहा। कार्यक्रम का संचालन अतिरिक्त प्रशासनिक अधिकारी सत्यनारायण सोनी द्वारा किया गया।
