केकड़ी | आज
राज्य सरकार के निर्देशानुसार अधिशाषी अधिकारी डॉ. नेहा राजपूत (प्रशिक्षु आईएएस) के नेतृत्व में नगरपालिका टीम द्वारा केकड़ी के मुख्य बाजार में विशेष अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान विभिन्न दुकानों से प्रतिबंधित चाइनीज मांझा के लगभग दो दर्जन चरखे जब्त किए गए।
कार्रवाई के दौरान दुकानदारों को चाइनीज मांझा का विक्रय न करने की सख्त समझाइश दी गई तथा भविष्य में प्रतिबंधित सामग्री बेचने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी गई। अधिकारियों ने बताया कि चाइनीज मांझे से पशु-पक्षियों के घायल होने एवं मृत्यु का खतरा बना रहता है। साथ ही यह मांझा बिजली के तारों के संपर्क में आने पर करंट फैलने से जनहानि का कारण भी बन सकता है।
नगरपालिका प्रशासन ने नागरिकों से अपील की कि वे सुरक्षित पतंगबाजी करें, प्रतिबंधित मांझे का उपयोग न करें तथा कानून का पालन करते हुए मानव जीवन, पशु-पक्षियों और सार्वजनिक संपत्ति की सुरक्षा में सहयोग दें। आदेशों की अवहेलना करने वालों के खिलाफ नियमानुसार दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
इस कार्रवाई के दौरान नगरपालिका अतिक्रमण टीम प्रभारी किशनलाल गुर्जर, राकेश कुमार पारिक तथा अतिक्रमण टीम के कार्मिक अमरचंद चौधरी, अरविंद खर्रा, प्रेमचंद मीणा, देवेंद्र जाट सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।
