केकड़ी (अजमेर)।
केकड़ी शहर के अजमेरी गेट क्षेत्र में दिनदहाड़े हुई फायरिंग की सनसनीखेज वारदात का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो अभियुक्तों को गिरफ्तार तथा एक विधि के विरुद्ध संघर्षरत किशोर को निरुद्ध किया है। आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त पिस्टल मय कारतूस, स्कॉर्पियो कार एवं लोहे का सरिया भी जब्त किया गया है।
स्कॉर्पियो से आए हमलावरों ने व्यापारी पर की फायरिंग
घटना दिनांक 07 जनवरी 2026 को हुई, जब एक स्कॉर्पियो कार में सवार तीन व्यक्ति केकड़ी कस्बे के अजमेरी गेट पहुंचे और वहां दुकान पर बैठे व्यापारी महेन्द्र साहू पर जान से मारने की नीयत से पिस्टल से फायरिंग कर दी। फायरिंग में महेन्द्र साहू घायल हो गया, जिसे उपचार हेतु जवाहरलाल नेहरू चिकित्सालय, अजमेर में भर्ती कराया गया है।
एसपी के निर्देश पर गठित हुई विशेष टीम
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अजमेर वंदिता राणा (आईपीएस) के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक केकड़ी राजेश कुमार मील एवं वृत्ताधिकारी केकड़ी हर्षित शर्मा के निकटतम सुपरविजन में, थानाधिकारी कुसुमलता (पुलिस निरीक्षक) के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया।
अथक प्रयासों से कुछ ही समय में आरोपी दबोचे
पुलिस थाना केकड़ी शहर एवं पुलिस थाना बोराड़ा की संयुक्त टीम द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए कुछ ही समय में अभियुक्त
अजय साहू, रोहित यादव तथा एक विधि के विरुद्ध संघर्षरत किशोर को डिटेन किया गया। अनुसंधान में संलिप्तता पाए जाने पर अजय साहू एवं रोहित यादव को गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि किशोर को निरुद्ध किया गया।
रुपयों के लेन-देन को लेकर रची गई साजिश
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि अभियुक्त अजय साहू एवं पीड़ित महेन्द्र साहू के परिवार के बीच रुपयों के लेन-देन को लेकर विवाद चल रहा था। इसी रंजिश के चलते अभियुक्त ने अपने साथियों के साथ मिलकर इस जानलेवा वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस रिमांड पर पूछताछ जारी
गिरफ्तार अभियुक्तों से हथियार व कारतूस की खरीद-फरोख्त तथा घटना में अन्य लोगों की संलिप्तता को लेकर पुलिस रिमांड प्राप्त कर गहन पूछताछ की जा रही है। प्रकरण में आगे का अनुसंधान जारी है।
गिरफ्तार अभियुक्तों का विवरण
1. अजय साहू पुत्र ओमप्रकाश साहू, जाति तेली, उम्र 26 वर्ष, निवासी राजपुरा रोड, केकड़ी, थाना केकड़ी शहर, जिला अजमेर।
2. रोहित यादव पुत्र जयराज यादव, जाति यादव, उम्र 23 वर्ष, निवासी सकतपुरा पहाड़िया, थाना रेनवाल मांझी, जिला जयपुर ग्रामीण।
इनकी रही सराहनीय भूमिका
कार्यवाही में थानाधिकारी कुसुमलता, थानाधिकारी सूर्यभान सिंह, उप निरीक्षक बनवारीलाल, रामाकिशन, हैड कांस्टेबल मदनलाल, कांस्टेबल तेजमल, पुखराज, विनोद कुमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
