बालाजी आयुर्वेद पर हर्षोल्लास से संपन्न हुआ धनवंतरी पूजन
केकड़ी, 18 अक्टूबर।
धनतेरस के शुभ अवसर पर बालाजी आयुर्वेद एजेंसीज, केकड़ी में आयुर्वेद के जनक भगवान महर्षि धनवंतरी का पूजन बड़े ही हर्षोल्लास और श्रद्धा के साथ संपन्न हुआ।
कार्यक्रम में पंडित श्यामसुंदर शास्त्री ने वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ विधि-विधानपूर्वक भगवान धनवंतरी का पूजन कराया। इस अवसर पर एजेंसी संचालक अशोक विजय ने भगवान धनवंतरी की आराधना करते हुए क्षेत्र में सुख-समृद्धि, शांति और सभी के निरोगी जीवन की कामना की। उन्होंने कहा कि “आयुर्वेद केवल चिकित्सा पद्धति नहीं, बल्कि एक जीवनशैली है जो हमें प्रकृति के निकट रखती है।”
अशोक विजय ने सभी उपस्थितजनों को दीपावली एवं धनतेरस की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए कहा कि “ईश्वर सबको धन, स्वास्थ्य और सौभाग्य प्रदान करें।”
कार्यक्रम के दौरान विनोद विजय, सक्षम विजय, अंकित गुर्जर, खुशराज, चंद्रमोहन सहित एजेंसी के कर्मचारी, परिजन एवं अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
पूजन के उपरांत सभी को प्रसाद वितरण किया गया और परिसर में दीप प्रज्ज्वलन कर धनतेरस पर्व का उल्लास मनाया गया।
