दीपांकुर चौहान केकड़ी। सापणदा रोड़ स्थित श्री सुधासागर दिगम्बर जैन विद्या विहार सीनियर सैकेंडरी स्कूल में गुरुवार को गुरु पूर्णिमा पर्व धूमधाम से मनाया गया। समारोह के अंतर्गत विद्यार्थियों ने गुरु की महिमा का बखान करते हुए कविता, संस्मरण व भक्ति नृत्य के कार्यक्रम प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया।
प्रारंभ में संस्था के सचिव आनंद सोनी व निदेशक अजय जैन ने आचार्य 108 श्री विद्यासागरजी महाराज, आचार्य 108 श्री समयसागरजी महाराज व विद्यालय प्रणेता मुनिपुंगव 108 श्री सुधासागरजी महाराज के भव्य चित्र के सम्मुख दीप प्रज्ज्वलन किया। तत्पश्चात एचकेजी कक्षा के विद्यार्थी क्षितिजा सोनी, वृंदा सनाढ्य, शिओना पायक, दयाक्षी जैन, शानवी साहू, निरुपमा सिंह व अन्वी चौधरी ने गुरु महिमा पर आकर्षक भक्ति नृत्य प्रस्तुत किया। छात्रा वृंदा सनाढ्य ने गुरुभक्ति पर कविता प्रस्तुत की। कक्षा सात की छात्रा एंजेल प्रधान व मुस्कान रामचंदानी ने भक्ति नृत्य के माध्यम से गुरूवंदना प्रस्तुत की। कक्षा सात की छात्रा प्राची राठौड़ ने कविता के माध्यम से गुरू की महिमा का बखान किया। कक्षा नौ की छात्रा आरवी जैन और पीहू जैन ने गुरु पूर्णिमा से संबंधित संस्मरण प्रस्तुत कर इस दिन की महत्ता पर प्रकाश डाला।
इस अवसर पर संस्था सचिव आनंद सोनी, निदेशक अजय जैन व शिक्षक अशोक जोशी ने विद्यार्थियों से कहा कि वे अपने माता-पिता और गुरुजनों का हृदय से सम्मान करें। ये आदर भाव उनकी स्वयं की दिनचर्या और आचरण में दिखना चाहिए, तभी हमारा गुरू पर्व मनाना सार्थक हो पाएगा। अंत में छात्र-छात्राओं को पारितोषिक प्रदान किये गए। कार्यक्रम का संचालन शिक्षक आजाद शर्मा ने किया। इस अवसर पर संस्था अध्यक्ष संजय कटारिया ने गुरु पर्व की बधाई व शुभकामनाएं प्रेषित की।