दीपांकुर चौहान । राजस्थान समाचार प्लस
केकड़ी, 3 अगस्त।
सावर रोड स्थित लॉर्ड तिरुपति महाविद्यालय, केकड़ी में सोमवार को स्मार्ट निवेश जागरूकता कार्यक्रम के अंतर्गत एक प्रभावशाली सेमिनार का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को निवेश, वित्तीय साक्षरता तथा पूंजी बाजार के प्रति जागरूक करना था।

सेमिनार में सेबी (SEBI) से जुड़े विशेषज्ञ अमित बिरला ने अपने प्रेजेंटेशन के माध्यम से विद्यार्थियों को सुरक्षित एवं समझदारीपूर्ण निवेश के विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी। उन्होंने शेयर बाजार, म्यूचुअल फंड, निवेश से जुड़े जोखिम, साइबर धोखाधड़ी से बचाव तथा वित्तीय योजना बनाने के महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तार से प्रकाश डाला।
विद्यार्थियों ने सेमिनार में उत्साहपूर्वक भाग लिया तथा निवेश संबंधी अनेक प्रश्न पूछे, जिनका अमित बिरला ने सरल एवं व्यावहारिक उदाहरणों के साथ उत्तर दिया।
महाविद्यालय के प्राचार्य ने कहा कि ऐसे जागरूकता कार्यक्रम विद्यार्थियों को आर्थिक रूप से सशक्त एवं जिम्मेदार नागरिक बनने की दिशा में प्रेरित करते हैं। उन्होंने अतिथि वक्ता अमित बिरला का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भविष्य में भी इस प्रकार के ज्ञानवर्धक कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहेंगे।
कार्यक्रम के अंत में सभी विद्यार्थियों से वित्तीय निर्णय लेने से पहले पूरी जानकारी प्राप्त करने तथा सुरक्षित निवेश के सिद्धांतों का पालन करने का आह्वान किया गया। इस अवसर पर महाविद्यालय स्टाप और बड़ी संख्या में छात्र छात्राएं मौजूद थे।
