दीपांकुर चौहान । राजस्थान समाचार प्लस
केकड़ी, 2 अगस्त। पर्यावरण संरक्षण, प्राकृतिक संतुलन और स्वस्थ जीवनशैली के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से पूज्य गुरुदेव श्री श्री रविशंकर की प्रेरणा से आर्ट ऑफ लिविंग, केकड़ी द्वारा रविवार को महावृक्षारोपण कार्यक्रम “एक गाँव – एक पंचवटी” का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ राजकीय आयुर्वेद, योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा महाविद्यालय, केकड़ी में सामूहिक योग एवं सुदर्शन क्रिया के साथ हुआ। इसके पश्चात महाविद्यालय के नवीन भवन परिसर, जो राजकीय देवनारायण बालिका आवासीय छात्रावास के समीप स्थित है, में व्यापक वृक्षारोपण किया गया।
अभियान के तहत भारतीय संस्कृति एवं पर्यावरण की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण पंचवटी के पांच पवित्र वृक्ष—पीपल, बरगद, आंवला, बेल तथा अशोक—का विधिवत रोपण किया गया। इसके साथ ही परिसर में लगभग 300 औषधीय एवं छायादार पौधों तथा वृक्षों का रोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।

इस अवसर पर राजकीय आयुर्वेद, योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा महाविद्यालय, केकड़ी के प्राचार्य डॉ. गिरिराज साहू ने कहा कि वृक्ष केवल पर्यावरण संरक्षण का माध्यम नहीं, बल्कि मानव जीवन, स्वास्थ्य और आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य की आधारशिला हैं। उन्होंने अधिकाधिक वृक्ष लगाने और उनके संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में आर्ट ऑफ लिविंग, केकड़ी के कार्यकर्ताओं एवं स्वयंसेवकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई। इस अवसर पर महेंद्र पारीक, मनीष दाधिच, लक्ष्मी पाराशर, जगदीश पारीक, श्याम पारीक, महेश कुमार बोयत, योगेंद्र पारीक, चंद्र प्रकाश पारीक सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
वृक्षारोपण अभियान को सफल बनाने में महाविद्यालय के नागरिक सुरक्षा कर्मचारियों ने सराहनीय सहयोग प्रदान किया। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने लगाए गए पौधों के संरक्षण एवं नियमित देखभाल का संकल्प लिया तथा पर्यावरण संरक्षण को जन-आंदोलन बनाने का संदेश दिया।
